नई दिल्ली: बिहार के सीवान में पत्रकार राजदेव रंजन की हत्या का मुख्य आरोपी लड्डन मियां ने आज सीजेएम कोर्ट में सरेंडर कर दिया। लड्डन मियां को पूर्व आरजेडी सांसद शहाबुद्दीन का करीबी बताया जाता है। लड्डन ने कहा कि पत्रकार राजदेव रंजन की हत्या में उसकी कोई भूमिका नहीं है। हालांकि राजदेव से जान पहचान होने की बात लड्डन ने स्वीकार की है। इससे पहले पुलिस ने इस मामले में 25 मई को पांच शूटरों को गिरफ्तार किया था। जिन्होंने कबूल किया था कि वे हत्या में शामिल थे। कोर्ट ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
लड्डन मियां राष्ट्रीय जनता दल के पूर्व सांसद मोहम्मद शहाबुद्दीन का करीबी माना जाता है और उसपर आरोप है कि उसने ही राजदेव रंजन की हत्या के लिए शूटरों को भेजा था। हालांकि आज सरेंडर करने के बाद लड्डन मियां ने साफ तौर पर इस केस में शामिल होने की बात से इनकार किया। लड्डन मियां का कहना है कि उसे जानबूझकर फंसाया जा रहा है, लेकिन 25 मई को इस हत्याकांड से जुड़े पांच शूटर्स को जब पुलिस ने गिरफ़्तार किया था तो पूछताछ में शूटरों ने लड्डन मियां का ही नाम लिया था।
कौन है लड्डन मियां
- सीवान का रहने वाला है लड्डन मियां
- शहाबुद्दीन का करीबी आदमी है
- पत्रकार राजदेव रंजन हत्याकांड का मुख्य आरोपी
- राजदेव के कत्ल की सुपारी देने का आरोप
- श्रीकांत भारती हत्याकांड में भी शामिल
- मर्डर-किडनैपिंग समेत एक दर्जन से ज्यादा केस
- 24 अप्रैल को ही जेल से बाहर आया था लड्डन मियां