1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. बर्फीली हवाओं के आगोश में उत्तर भारत, UP में धुंध के चलते सड़क हादसे में 8 की मौत

बर्फीली हवाओं के आगोश में उत्तर भारत, UP में धुंध के चलते सड़क हादसे में 8 की मौत

 Reported By: Bhasha
 Published : Dec 17, 2020 08:41 am IST,  Updated : Dec 17, 2020 08:41 am IST

उत्तर भारत बुधवार को बर्फीली हवाओं के आगोश में रहा। उत्तर प्रदेश के विभिन्न भागों में घना कोहरा छाया रहा, जहां कम दृश्यता के चलते एक बस और गैस टैंकर की भिड़ंत में आठ लोगों की मौत हो गई।

Biting cold grips north India; eight killed in UP accident...- India TV Hindi
Biting cold grips north India; eight killed in UP accident due to fog Image Source : PTI

नई दिल्ली: उत्तर भारत बुधवार को बर्फीली हवाओं के आगोश में रहा। पंजाब के अमृतसर में मैदानी इलाकों में सबसे कम तापमान दर्ज किया गया जबकि उत्तर प्रदेश के विभिन्न भागों में घना कोहरा छाया रहा, जहां कम दृश्यता के चलते एक बस और गैस टैंकर की भिड़ंत में आठ लोगों की मौत हो गई। हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के कई पहाड़ी इलाकों में तापमान जमाव बिंदु से नीचे चला गया है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने एक बुलेटिन में कहा, ''देश के मैदानी इलाकों में अमृतसर में सबसे कम 2.0 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।'' अमृतसर में अधिकतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 13 डिग्री कम है। अमृतसर में मनाली, शिमला और श्रीनगर से अधिक ठंड पड़ रही है। दिल्ली में न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि ''घने कोहरे'' के चलते सुबह में पालम इलाके में दृश्यता गिरकर 100 मीटर पर आ गई।

जम्मू-कश्मीर की गर्मियों की राजधानी श्रीनगर में इस सीजन की सबसे ठंडी रात रही। कश्मीर घाटी में पड़ रही कड़ाके की ठंड के चलते तापमान जमाव बिंदु से कई डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया। हिमाचल प्रदेश में बीते 24 घंटे के दौरान मौसम शुष्क रहा। मनाली, डलहौजी, कीलांग और कल्पा में तापमान शून्य से नीचे पहुंच गया है। मौसम विभाग ने कहा कि राज्य में बीते 24 घंटे के दौरान न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है।

उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हुई। इसके अलावा राज्य के पश्चिमी हिस्से के कुछ इलाके घने कोहरे की चपेट में हैं। पुलिस ने कहा कि बुधवार सुबह धुंध के चलते कम दृश्यता के कारण उत्तर प्रदेश रोडवेज की बस के गैस टैंकर को टक्कर मारने से आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि 21 लोग घायल हो गए।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत