1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. बीजेपी का दावा, '2019 में NDA को मिलेंगे 55 फीसदी वोट'

बीजेपी का दावा, '2019 में NDA को मिलेंगे 55 फीसदी वोट'

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jul 29, 2017 11:29 pm IST,  Updated : Jul 29, 2017 11:29 pm IST

भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय प्रवक्ता जी. वी. एल. नरसिम्हा राव ने शनिवार को दावा किया है कि 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव में भाजपा के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) का मत प्रतिशत 55 फीसदी होगा।

GVL Narsimha rao- India TV Hindi
GVL Narsimha rao

हैदराबाद: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय प्रवक्ता जी. वी. एल. नरसिम्हा राव ने शनिवार को दावा किया है कि 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव में भाजपा के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) का मत प्रतिशत 55 फीसदी होगा। उन्होंने कहा कि हाल ही में हुए सर्वेक्षण के अनुसार, 73 फीसदी भारतीय नरेंद्र मोदी का समर्थन करते हैं और भाजपा एक के बाद एक दूसरे राज्यों की सत्ता में आती जा रही है। उन्होंने कहा कि 2014 में जहां राजग को 42 फीसदी वोट मिले थे, जो 2019 में बढ़कर 55 फीसदी हो जाएगा। राव ने कहा कि और ऐसा स्वतंत्र भारत में दूसरी बार होगा, जब कोई सरकार 50 फीसदी से अधिक मत प्रतिशत हासिल कर सत्ता में आएगी।

उन्होंने यह भी भविष्यवाणी की कि 2019 में कांग्रेस का मत प्रतिशत घटकर 10 फीसदी रह जाएगा। राव ने वैश्विक निर्वाचन सर्वेक्षण एजेंसी गैलप द्वारा हाल ही में किए गए अध्ययन का हवाला देते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी की सरकार दुनिया की सर्वाधिक लोकप्रिय सरकारों में से एक है। राव ने यह भी कहा कि कर्नाटक में होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा दो तिहाई बहुमत हासिल कर सरकार बनाने जा रही है। उन्होंने पूरे देश में भाजपा के तेजी से हो रहे प्रसार के पीछे उसकी सकारात्मक राजनीति और सकारात्मक सरकार को कारण बताया।

राव ने कहा, "दूसरी ओर कांग्रेस राजनीति में नकारात्मकता का प्रतीक बनती जा रही है। कांग्रेस भ्रष्टाचार, पाकिस्तानी तत्वों और कश्मीरी अलगाववादियों का समर्थन और अपनी वोट बैंक की राजनीति के चलते सिकुड़ रही है।" उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस का पूरी तरह सफाया हो जाएगा। उन्होंने कहा, "राहुल राजनीति में नेहरू-गांधी परिवार की आखिरी विरासत होंगे।"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत