1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. CAA पर भाजपा का द्वार-द्वार प्रचार शुरू, 3 करोड़ लोगों तक पहुंचने का लक्ष्य

CAA पर भाजपा का द्वार-द्वार प्रचार शुरू, 3 करोड़ लोगों तक पहुंचने का लक्ष्य

 Reported By: IANS
 Published : Jan 05, 2020 06:25 pm IST,  Updated : Jan 05, 2020 06:25 pm IST

भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने नागरिकता संशोधन कानून (CAA) पर अब तक का सबसे बड़ा जनजागरण अभियान शुरू किया है। पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने इसकी शुरुआत दिल्ली के लाजपत नगर से की।

Amit Shah- India TV Hindi
Amit Shah

नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने नागरिकता संशोधन कानून (CAA) पर अब तक का सबसे बड़ा जनजागरण अभियान शुरू किया है। पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने इसकी शुरुआत दिल्ली के लाजपत नगर से की। शाह इस सिलसिले में लाजपत नगर के छह घरों में गए और नागरिकता कानून के बारे में उन्हें जानकारी दी। ऐसा ही अभियान देश के अन्य हिस्सों में शुरू हो गया है। देशभर के 42 जगहों पर पार्टी के 42 बड़े नेताओं ने घर-घर जाकर लोगों से संपर्क किया। अगले 10 दिनों में भाजपा के मंत्री और नेता देश के तीन करोड़ लोगों तक पहुंचेंगे।

एक ऐसे ही कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर रविवार को दिल्ली में थे। कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा गाजियाबाद में, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह लखनऊ में, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी नागपुर में, केंद्रीय मंत्री वी. सदानंद गौड़ा बेंगलुरू में, केंद्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने राजस्थान के जयपुर में संपर्क अभियान शुरू किया।

इसी तरह का अभियान केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने मध्यप्रदेश में, रविशंकर प्रसाद ने हरियाणा में, थावरचंद गहलोत ने छत्तीसगढ़ के रायपुर में, डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक उत्तराखंड के हल्द्वानी में, केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा झारखंड के जमशेदपुर में, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी गुरुग्राम में, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने मुंबई में, केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने रामपुर में शुरू किया। इस अभियान के तहत इन नेताओं ने पांच-पांच घर जाकर संपर्क साधा।

भाजपा ने मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में इस कानून के समर्थन में माहौल बनाने का मोर्चा संभाल लिया है। पार्टी नेताओं ने इस कानून के फायदे बताने और समर्थन जुटाने के लिए गोष्ठियां शुरू कर दी हैं। भाजपा ने मध्यप्रदेश में यह अभियान उज्जैन से शुरू किया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत