नई दिल्ली, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के केंद्र और दिल्ली के बीच रिश्तों पर दिए बयान को राष्ट्र-विरोधी करार दिया और केजरीवाल से इसके लिए माफी मांगने के लिए कहा। केजरीवाल ने अपने एक बयान में कहा था कि केंद्र सरकार ने दिल्ली में 'भारत-पाकिस्तान' जैसी स्थिति बना दी है। केंद्रीय खेल राज्य मंत्री विजय गोयल ने यहां पत्रकारों से कहा, "केजरीवाल का दिल्ली की तुलना पाकिस्तान से करना क्षुब्ध करने वाला है। यह राष्ट्र-विरोधी बयान है।"
केजरीवाल ने रविवार को इंटरनेट और मोबाइल के जरिए आम नागरिकों से सीधे मुखातिब होने के लिए एक कार्यक्रम 'टॉक टू एके' की शुरुआत की और आम नागरिकों से बातचीत के दौरान उन्होंने केंद्र सरकार पर दिल्ली सरकार के कामकाज में बाधा पहुंचाने का आरोप लगाया।
केजरीवाल ने एक व्यक्ति के सवाल का जवाब देते हुए कहा था, "केंद्र सरकार ने दिल्ली में क्या भारत-पाकिस्तान जैसी स्थिति नहीं बना दी है, हमें चौगुना कार्य करना होगा।" गोयल ने केजरीवाल से इस तरह का 'गैर जिम्मेदाराना' बयान देने के लिए देश से माफी मांगने के लिए कहा है।
गोयल ने कहा, "यह एक मुख्यमंत्री के लिए अशोभनीय है। अगर वह माफी नहीं मांगते हैं तो दिल्ली की जनता और भाजपा कार्यकर्ता उनके खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेंगे और माफी मांगने पर मजबूर कर देंगे।"