1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. पीएम डिग्री विवाद: BJP बोली माफी मांगे AK, आप का दावा डिग्रियां फर्जी

पीएम डिग्री विवाद: BJP बोली माफी मांगे AK, आप का दावा डिग्रियां फर्जी

 Written By: India TV News Desk
 Published : May 09, 2016 04:37 pm IST,  Updated : May 09, 2016 04:37 pm IST

दिल्ली के मुख्यमंत्री पर हमला करते हुए भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और वरिष्ठ नेता अरूण जेटली ने सोमवार को नरेंद्र मोदी की बीए और एमए की डिग्रियां दिखाईं वहीं आप ने इसे फर्जी बताया।

bjp aap- India TV Hindi
bjp aap

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री की शैक्षिक योग्यता पर सवाल उठाने पर दिल्ली के मुख्यमंत्री पर हमला करते हुए भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और वरिष्ठ नेता अरूण जेटली ने सोमवार को नरेंद्र मोदी की बीए और एमए की डिग्रियां दिखाईं तथा अरविन्द केजरीवाल से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। वहीं आप ने दावा किया कि भाजपा द्वारा पेश की गई डिग्रियां फर्जी हैं।

फर्जी डिग्री के आरोपों को मजबूती से खारिज करते हुए दोनों नेताओं ने आरोप लगाया कि केजरीवाल ने प्रधानमंत्री के खिलाफ झूठी अफवाह फैलाकर सार्वजनिक बहस के स्तर को गिरा दिया है। जेटली ने यह भी कहा कि मोदी के खिलाफ जिस तरह के आरोप लगाए गए हैं, उनसे देश में संघीय ढांचे को खतरा है और इस तरह के प्रयासों को मजबूती से परास्त किया जाना चाहिए।

उन्होंने दिल्ली के मुख्यमंत्री को चुनौती दी कि वह अपने दावों को साबित करके दिखाएं। उन्होंने केजरीवाल पर तीखा हमला करते हुए कहा, सुशासन की जगह सनसनी पैदा करने की राजनीति की जा रही है। शाह ने कहा कि केजरीवाल ने सार्वजनकि बहस के स्तर को गिरा दिया है और उन्होंने मोदी के खिलाफ निराधार आरोप लगाकर दुनिया के सामने देश की मानहानि की है। उन्होंने कहा, यह बेहद दुर्भाग्यूपर्ण है कि हमें प्रधानमंत्री की शैक्षिक योग्यता के स्तर पर स्पष्टीकरण देने के लिए यह संवाददाता सम्मेलन करना पड़ा है।

PM मोदी की डिग्रियां फर्जी: आप

नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी (आप) के नेता आशुतोष ने सोमवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा पेश की गई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बी.ए. और एम.ए. की डिग्री फर्जी है और उसे फर्जी तरीके से तैयार किया गया है। आशुतोष ने कहा, "अमित शाह और अरुण जेटली कोई भगवान नहीं हैं। दोनों के द्वारा पेश प्रधानमंत्री की बी.ए. और एम.ए. की डिग्री फर्जी है, क्योंकि अंक-पत्र और डिग्री पर दर्ज नाम और वर्ष अलग-अलग हैं।"

शाह ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मांग की है कि उन्हें मोदी के खिलाफ झूठे आरोप लगाने के लिए माफी मांगनी चाहिए। इसपर आशुतोष ने भाजपा अध्यक्ष शाह और केंद्रीय वित्त मंत्री जेटली से कहा कि फर्जी दस्तावेज दिखाने के लिए दोनों को माफी मांगनी चाहिए।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत