1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. अदनान सामी पद्मश्री विवाद: संबित पात्रा बोले- "देशद्रोहियों के लिए इकरार और अच्छे मुसलमानों के लिए इनकार, क्यों"

अदनान सामी पद्मश्री विवाद: संबित पात्रा बोले- "देशद्रोहियों के लिए इकरार और अच्छे मुसलमानों के लिए इनकार, क्यों"

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jan 27, 2020 03:38 pm IST,  Updated : Jan 27, 2020 04:19 pm IST

अदनान सामी को पद्मश्री से सम्मानित किए जाने को लेकर खड़े हुए विवाद पर भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की।

Sambit Patra- India TV Hindi
Sambit Patra Image Source : BJP'S TWITTER

नई दिल्ली: अदनान सामी को पद्मश्री से सम्मानित किए जाने को लेकर खड़े हुए विवाद पर भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। प्रेस कॉन्फ्रेंस में संबित पात्रा ने कहा कि "कल 26 जनवरी के अवसर पर पद्म सम्मान दिए गए हैं, अदनान सामी के पद्मश्री को लेकर एक राजनीतिक बखेड़ा खड़ा करने का प्रयास कांग्रेस और तथाकथित लिब्रेल्स द्वारा किया जा रहा है।" संबित पात्रा ने कहा कि "देशद्रोहियों के लिए इकरार और अच्छे मुसलमानों के लिए इनकार। जो देशद्रोह का काम करे, यासीन मलिक, याकूब मेमन, अफजल गुरु, बुरहान वानी इन सब के लिए इकरार। जो अच्छे काम करके आगे बढ़े उनके लिए इनकार, ये कैसी बात है।" 

पात्रा ने कहा कि "अदनान सामी की माता नौरीन खान भारतीय हैं और वह जम्मू से हैं। आज हम कांग्रेस से ये सवाल पूछना चाहते हैं कि क्या जम्मू-कश्मीर की मुस्लिम महिलाओं के प्रति उनका यही सम्मान है कि जब उनके बच्चों को पद्मश्री दिया जाता है तो इनको परेशानी होती है।" पात्रा ने कहा कि "इससे एक बात साबित होती है कि ये जो लिब्रल्स, आम आदमी पार्टी, कांग्रेस वाले और तौहीन बाग वाले हैं, इन्हें केवल एक ही प्रकार के मुसलमान पसंद हैं, जो मुसलमान मोदी जी को, सर्वोच्च न्यायालय को, भारत की सेना और सरकार को गाली दे।"  

उन्होंने अदनान सानी के 'तेरी ऊंची शान है मौला' गाने की तर्ज पर कहा "तेरी ऊंची शान है भगवन, मेरी अर्जी मान ले भगवन, तू है सब कुछ जानने वाला, मैं हूं तेरा मानने वाला, कैसे-कैसों को दिया है, ऐसे वैसों को दिया है, कांग्रेस की सोच थोड़ी सी लिफ्ट करा दे, सद्बुद्धी उनको जरा गिफ्ट करा दे।" पात्रा ने कहा कि "आज हम कांग्रेस पार्टी से पूछना चाहते हैं, सोनिया गांधी से पूछना चाहते हैं कि कपिल सिब्बल ने क्या 77 लाख रुपये लिया था।  इंदिरा जयसिंह से पूछना चाहते हैं कि आपने कितना लिया था?"

संबित पात्रा ने कहा कि "पैसे लेकर देश को बांटने का काम जो कांग्रेस पार्टी कर रही है, ये कहीं न कहीं इस बात को स्पष्ट करता है कि कांग्रेस का हाथ, देश बांटने वालों के साथ...कांग्रेस का हाथ, आगजनी वालों के साथ...कांग्रेस का हाथ, आतंकवादियों के साथ।" पात्रा ने कहा कि "PFI वही संगठन है, जो प्रोफेसरों के हाथ काटता है, ये आगजनी और आतंकवाद को बढ़ावा देता है। सोनिया जी क्या ऐसे संगठन से पैसा लेकर आपकी पार्टी काम करती है?" उन्होंने कहा कि "ये वही सोनिया गांधी जी की पार्टी है, जिसने जाकिर नाइक से डोनेशन लिया था। ये पूरा दिखाया गया था और बाद में उन्होंने कहा था कि हमने वापस कर दिया।"

बता दें कांग्रेस ने अदनान सामी को पद्मश्री दिए जाने को लेकर सवाल किए थे। कांग्रेस प्रवक्ता जयवीर शेरगिल ने ट्वीट किया था कि "पाक के खिलाफ लड़ने वाला भारत का सिपाही घुसपैठिया और पाकिस्तान वायुसेना के अफसर के बेटे को सम्मान? पद्मश्री के लिए समाज में योगदान जरूरी है या सरकार का गुणगान? क्या पद्मश्री के लिए नया मानदंड है “करो सरकार की चमचागिरी मिलेगा तुमको पद्मश्री?"

वहीं, इससे अलग महाराष्ट्र निर्माण सेना (MNS) ने अदनान सामी को पद्मश्री मिलने पर सवाल खड़े किए थे। मनसे नेता और सिनेमा विंग के अध्यक्ष अमेय खोपकर ने ट्वीट कर कहा कि "वो मूल रूप से भारतीय नागरिक नहीं हैं, उन्हें कोई पुरस्कार न दिया जाए।" खोपकर ने ट्वीट में लिखा था कि “ऐसे में सरकार द्वारा ऐलान किया गए पद्मश्री पुरस्कार को लेकर वह सरकार की निंदा करते हैं। पद्म पुरस्कार को तुरंत रद्द किया जाए।"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत