Wednesday, March 04, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Exclusive: कामिनी ने मरने के बाद 3 राज्यों के 7 लोगों को दी नई जिंदगी

Exclusive: कामिनी ने मरने के बाद 3 राज्यों के 7 लोगों को दी नई जिंदगी

Written by: IndiaTV Hindi Desk Published : Jun 09, 2021 09:58 pm IST, Updated : Jun 09, 2021 10:36 pm IST

सूरत की एक महिला के अंगों से पांच लोगों को नई जिंदगी मिली है तथा दो और लोगों को मिलने वाली है।

Exclusive: कामिनी ने मरने के बाद 3 राज्यों के 7 लोगों को दी नई जिंदगी- India TV Hindi
Exclusive: कामिनी ने मरने के बाद 3 राज्यों के 7 लोगों को दी नई जिंदगी

सूरत (गुजरात): सूरत की एक महिला के अंगों से पांच लोगों को नई जिंदगी मिली है तथा दो और लोगों को मिलने वाली है। यह महिला तो अब इस दुनिया में नहीं हैं लेकिन उनका दिल अभी भी एक महिला के सीने में धड़क रहा है। उनके फेफड़े, दूसरी महिला के खून में ऑक्सीजन की सप्लाई कर रहे हैं। उनकी दोनों किडनी, दो इंसानों के शरीर में खून साफ कर रही हैं। लीवर एक अन्य इंसान के शरीर का पावर हाउस बना हुआ है। महिला की दो आंखें अब किसी इंसान की जिंदगी को रौशन करने के लिए तैयार हैं।

महिला का नाम कामिनी पटेल है। 46 साल की कामिनी सूरत के बारडोली की रहने वाली थीं। उन्हें ब्रेन स्ट्रोक की वजह से अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। 17 मई से उनका इलाज चल रहा था। लेकिन, बाद में हालत यह हो गई कि वह बिस्तर से उठ भी नहीं पाती थीं। एक दिन उनका ब्लड प्रेशर अचानक बढ़ा और डॉक्टर्स ने बता दिया कि उन्हें ब्रेन हैमरेज हुआ है। इसके बाद उन्हें गुजरात के शेल्बी अस्पताल शिफ्ट किया गया। यहां ब्रेन की सर्जरी हुई, खून का थक्का निकाला गया लेकिन हालत में कोई सुधार नहीं हुआ।

डॉक्टर्स ने सारी कोशिशें कीं लेकिन बात नहीं बनी। परिवार को बताया गया कि कामिनी पटेल का ब्रेन डेड हो चुका है। अब कुछ फॉर्मेलिटीज बाकी थी। परिवार में कामिनी पटेल के पति, उनका बेटा, उनका भाई था। डॉक्टर्स से परिवार वालों ने पूछा कि अब क्या कर सकते हैं? डॉक्टर्स ने बताया कि कामिनी तो अब वापस नहीं आ सकती। लेकिन, उनके शरीर के सारे अंग कई लोगों को जिंदगी दे सकते हैं। डॉक्टर्स के समझाने पर कामिनी के परिवार ने उनके अंगों का दान करने का फैसला किया। 

जिसके बाद कामिनी के ऑर्गन्स को प्रिजर्व करने का प्रोसेस शुरू किया गया। इसी दौरान अस्पताल और एक एनजीओ की तरफ से यह मैसेज फ्लोट कर दिया गया कि सूरत में एक महिला ने अंगदान किया है। उनके लंग्स, हार्ट, लिवर, किडनी और कॉर्निया डोनेशन के लिए रेडी है। फिर हैदराबाद, मुंबई और अहमदाबाद से डॉक्टर्स की टीम सूरत के अस्पताल में इकट्ठा हो गई। हैदराबाद में एक महिला को लंग्स की जरूरत थी। मुंबई के हॉस्पिटल में हार्ट ट्रांसप्लांट के लिए एक महिला भर्ती थी। अहमदाबाद में किडनी और लीवर की जरूरत थी।

सब कुछ तय होने के बाद कामिनी के ऑर्गन्स को प्रिजर्व किया गया। ऑपरेशन थिएटर में हैदराबाद, मुबई और अहमदाबाद के डॉक्टर्स की टीम पहुंची। सबसे पहले कामिनी बेन के हार्ट को हार्वेस्ट किया गया। इसके बाद फेफड़ों को निकाल कर आइस बॉक्स में प्रिजर्व किया गया और फिर अन्य अंगों को ट्रांसप्लांट के लिए तैयार किया गया और फिर हैदराबाद, मुंबई और अहमदाबाद के अलग-अलग अस्पतालों में उन्हें पहुंचाया गया, जहां महिला के अंगों से कई मरीजों को नई जिंदगी दी गई।

Latest India News

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत

Advertisement
Advertisement
Advertisement