श्रीनगर: सीमा सुरक्षा बल :बीएसएफ: को 12 साल के अंतराल के बाद आज जम्मू कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी में तैनात किया गया। इससे पहले बीएसएफ को जम्मू कश्मीर में 2004 में आतंकवाद रोधी अभियानों से हटा लिया गया था। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि कानून और व्यवस्था की स्थिति में मदद के लिए शहर के वाणिज्यिक केंद्र लाल चौक और आसपास के इलाकों में बीएसएफ कर्मियों को तैनात किया गया है। नागरिक प्रशासन, बीएसएफ और पुलिस के आला अधिकारियों ने शहर में सुरक्षा बल की तैनाती पर टिप्पणी करने से इंकार कर दिया।
2004 के बाद यह पहली बार है जब बीएसएफ को शहर में सक्रिय ड्यूटी के लिए बुलाया गया है। 1991 के बाद से तकरीबन 13 साल तक कश्मीर में आतंकवाद रोधी अभियान चलाने वाले बीएसएफ की जगह 2004 में सीआरपीएफ ने ले ली थी। इसके बाद से बीएसएफ के जवान नियंत्रण रेखा और अंतरराष्ट्रीय सीमा की हिफाजत के अपने मुख्य कर्तव्य को निभाने रहे।
बताया जाता है कि जम्मू-कश्मीर के लोग पहले से ही बीएसएफ की तैनाती का विरोध करते आए हैं। इन लोगों की नजरों में सीमा सुरक्षा बल की छवि आक्रामक बल की तरह है। संभवत: यही कारण रहा कि करीब 12 सालों पूर्व सीमा सुरक्षा बल को हटाकर घाटी में सीआरपीएफ की तैनाती कर दी गई थी।
हालांकि 1990 के दौरान आतंकी गतिविधियों पर काबू करने के उद्देश्य से सीमा सुरक्षा बल को तैनात किया गया था, लेकिन बाद में वर्ष 2004 के दौरान बल का स्थान सीआरपीएफ ने ले लिया था। अब पुनः एक बार फिर कश्मीर में सीमा सुरक्षा बल के हाथों में सुरक्षा की कमान होगी।