चंडीगढ़। साल 2019 के लोकसभा चुनावों में कांग्रेस ने निराशाजनक प्रदर्शन किया। उत्तर भारत में पंजाब एकमात्र राज्य रहा कांग्रेस ने अच्छा प्रदर्शन किया। सूबे में कांग्रेस को मिली सफलता के लिए पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने शनिवार को मतदाताओं का आभार जताया।
Related Stories
अमरिंदर सिंह ने इसके साथ ही पंजाब के मंत्रियों, पार्टी विधायकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को राज्य में अच्छे प्रदर्शन के लिए धन्यवाद दिया। अमरिंदर सिंह ने ट्वीट कर कहा, ‘‘मैं युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के सभी कार्यकर्ताओं को उनके समर्थन एवं कड़ी मेहनत के लिए अपना आभार जताता हूं, जिसके चलते लोकसभा चुनाव में अच्छा प्रदर्शन हुआ।’’
मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने पंजाब को ‘‘एक बार फिर नम्बर एक’’ बनाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा, ‘‘ ऐसा जनादेश देकर हम पर विश्वास जताने के लिए मैं पंजाब के लोगों को धन्यवाद देता हूं।’
2019 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने पंजाब की 13 लोकसभा सीटों में आठ पर जीत दर्ज की है। आम चुनाव में यहां मोदी लहर का कोई असर नहीं दिखा, जो पूरे उत्तर और मध्य भारत में देखने को मिली। पंजाब में कांग्रेस ने 2014 के लोकसभा चुनाव में मिली सीटों में भी बढ़ोतरी की। 2014 में कांग्रेस पंजाब में तीन सीटों पर जीती थी। कांग्रेस 2017 में हुए उपचुनाव में गुरदासपुर सीट जीती थी। इस चुनाव में अकाली-भाजपा गठबंधन ने चार सीटें जीतीं हैं। AAP ने एकमात्र संगरूर सीट पर जीत दर्ज की। यहां पिछले चुनाव में भी आम आदमी पार्टी के भगवंत मान ने जीत दर्ज की थी।