नई दिल्ली: देश में यात्री कार की बिक्री नवंबर में 10.39 प्रतिशत बढ़ी। यह लगातार 13वां महीना है जब कार की बिक्री बढ़ी है। सोसाइटी ऑफ इंडियन आटोमोबाइल मैनुफैक्चरर्स (सियाम) द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार घरेलू यात्री कार की बिक्री नवंबर में 10.39 प्रतिशत बढ़कर 1,73,111 इकाई रही जो पिछले वर्ष इसी महीने में 1,56,811 इकाई थी।
कुल यात्री वाहनों की बिक्री आलोच्य महीने में 11.4 प्रतिशत बढ़कर 2,36,664 इकाई रही जो एक वर्ष पूर्व इसी महीने में 2,12,437 इकाई थी। सिआम के महानिदेशक विष्णु माथुर ने यहां संवाददाताओं से कहा, यह लगातार 13वां महीना है जब यात्री कारों की बिक्री बढ़ी है। नवंबर में हमने कुछ वृद्धि हासिल की है लेकिन गांव में मांग में कम बनी हुई है और इसका असर पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि वृद्धि मारति बालेनो और रेनो क्विड जैसी नई गाडि़यों की पेशकश से आयी है। इसके अलावा त्यौहारों का भी कुछ समारात्मक प्रभाव पड़ा। माथुर ने कहा, कार खंड में धीर गति से सुधार हो रहा है लेकिन ग्रामीण बाजार में स्थिति बहुत उत्साहजनक नहीं है।
वित्त वर्ष की शेष अवधि में बिक्री के अनुमान के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, जैसा कि हमने पहले कहा है, हम यात्री वाहन खंड में 8 से 10 प्रतिशत वृद्धि की उम्मीद कर रहे हैं। आलोच्य महीने के दौरान मारुति सुजुकी इंडिया के यात्री वाहनों की बिक्री 10.57 प्रतिशत बढ़कर 1,10,599 इकाई रही। कंपनी की कारों की बिक्री 8.71 प्रतिशत बढ़कर 89,479 इकाई रही।
प्रतिद्वंदी हुंडई मोटर इंडिया के यात्री वाहनों की बिक्री नवंबर में 22.92 प्रतिशत बढ़कर 43,651 इकाई रही। कंपनी के एसयूवी क्रेटा को अच्छी प्रतिक्रिया मिली जिससे कुल बिक्री पर असर पड़ा। आलोच्य महीने में यात्री कार बिक्री 6.55 प्रतिशत बढ़कर 37,771 इकाई रही जो पिछले साल इसी महीने में 35,448 इकाई थी।
होंडा कार्स इंडिया की बिक्री आलोच्य महीने में 22.94 प्रतिशत बढ़कर 14,276 इकाई रही जो पिछले वर्ष इसी महीने में 11,612 इकाई थी। टाटा मोटर्स की घरेलू कारों की बिक्री नवंबर में 10.83 प्रतिशत घटकर 9,172 इकाई रही जो पिछले वर्ष इसी महीने में 10,286 इकाई थी। महिंद्रा एंड महिंद्रा की बिक्री इस साल नवंबर में 37.27 प्रतिशत बढ़कर 18,686 इकाई रही जो पिछले साल इसी महीने 13,612 इकाई थी।