नई दिल्ली: इंडोनेशिया में गिरफ्तार अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा राजन को भारत में फ़र्ज़ी पासपोर्ट मामले में CBI ने हिरासत में ले लिया है। पासपोर्ट में छोटा राजन का नाम मोहन कुमार लिखा है। पटियाला हाउस कोर्ट के मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट ने राजन को 5 दिन के लिए CBI की कस्टडी में भेजा है। आज करीब 11 बजे छोटा राजन से मिलने उसके दोनों वकील CBI हेडक्वार्टर पहुचेंगे। मुंबई से आए वकील का नाम हर्षद पोंडा है। हर्षद पोंडा के बेटे अबद पोंडा भी कोर्ट में राजन की पैरवी करेंगे। दोनों वकीलों ने कल भी छोटा राजन से मुलाकात की थी।
सुरक्षा वजहों से पटियाला हाउस कोर्ट के मजिस्ट्रेट ने ख़ुद CBI को छोटा राजन की रिमांड दी है। करीब 27 साल बाद छोटा राजन भारत आया है।
महाराष्ट्र सरकार ने जो केस CBI को ट्रांसफर किए हैं उनका नोटिफिकेशन अब तक CBI के पास नहीं पहुंचा है। ऐसे में CBI उसे 24 घंटे से ज़्यादा हिरासत में नहीं रख सकती थी। लिहाजा, फ़र्जी पासपोर्ट के मामले में उसे गिरफ़्तार कर लिया गया। अब CBI को महाराष्ट्र सरकार के नोटिफ़िकेशन का इंतज़ार है।
कड़ी सुरक्षा के बीच भारत लाया गया छोटा राजन
छोटा राजन को बाली की जेल से विशेष विमान के जरिए भारत लाया गया। राजन को एयरपोर्ट से सीधे CBI हेडक्वार्टर ले जाया गया जहां उससे तमाम मामलों में पूछताछ हुई।
राजन से पूछताछ के लिए दिल्ली पुलिस ने 7 और मुंबई पुलिस ने 70 सवाल सौंपे हैं। भारत आने से पहले छोटा राजन ने अपील की थी कि वो चाहता है कि उसे मुंबई पुलिस नहीं बल्कि दिल्ली पुलिस के हवाले किया जाए क्योंकि मुंबई पुलिस ने उस पर कई अत्याचार किए हैं और मुंबई पुलिस दाऊद से भी मिली हुई है इसलिए उसको जान का खतरा भी है।