नई दिल्ली: मानेसर जमीन घोटाले में हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता भूपिंदर सिंह हुड्डा के घर समेत 20 ठिकानों पर छापेमारी की खबर है। यह छापे सीबीआई द्वारा मारे गए हैं। आज सुबह सीबीआई की टीम हुड्डा के रोहतक स्थित घर पहुंची थी। इसमें हुड्डा के रोहतक स्थित आवास के साथ ही तीन गुड़गांव, 9 दिल्ली, तीन चंडीगढ़ और तीन पंचकूला के ठिकाने शामिल हैं।
खबर है कि सीबीआई ने वरिष्ठ नौकरशाह एसएस ढिल्लन और दो पूर्व अधिकारियों एमएल तयाल और चत्तर सिंह के घरों और कार्यालयों में भी छानबीन की है।
मानेसर में कांग्रेस सरकार की करीब 912 एकड़ जमीन का अधिग्रहण कर डीएलएफ और कुछ अन्य बिल्डरों को देने के मामले में राज्य सरकार ने जांच के आदेश दिए थे।
गौरतलब है कि हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा के कार्यकाल के दौरान मानेसर में करीब 912 एकड़ जमीन के अधिग्रहण के लिए अधिसूचना जारी की गई थी। लेकिन हरियाणा सरकार से पहले डीएलएफ और कुछ निजी बिल्डरों ने किसानों से संपर्क साधकर जमीन ले ली थी, जिसके बाद हरियाणा सरकार ने इस अधिसूचना को रद्द कर दिया।
अधिसूचना रद्द करने से नाखुश किसान सीबीआई जांच की मांग को लेकर सुप्रीम कोर्ट पहुंच गए थे। राज्य में बीजेपी सरकार आने के बाद मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने मामले की सीबीआई जांच के आदेश दिए थे।