1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. छत्तीसगढ़: बलात्कार के बाद किया 11 साल की बच्ची का मर्डर, आरोपी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़: बलात्कार के बाद किया 11 साल की बच्ची का मर्डर, आरोपी गिरफ्तार

 Reported By: Bhasha
 Published : Apr 19, 2018 08:24 pm IST,  Updated : Apr 19, 2018 08:24 pm IST

छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में 11 वर्षीय बालिका के साथ बलात्कार और हत्या के आरोप में पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया है...

Representational Image | PTI- India TV Hindi
Representational Image | PTI

रायपुर: छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में 11 वर्षीय बालिका के साथ बलात्कार और हत्या के आरोप में पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया है। कबीरधाम जिले के पुलिस अधीक्षक लाल उमेद सिंह ने बताया कि जिले के बोडला थाना क्षेत्र के बघर्रा गांव में 11 वर्षीय बालिका के साथ बलात्कार और हत्या के आरोप में पुलिस ने 25 वर्षीय उत्तम साहू को गिरफ्तार कर लिया है। सिंह ने बताया कि जिले के कुंडा थाना क्षेत्र के निवासी एक युवक की शादी बघर्रा गांव में तय हुई थी। बुधवार को युवक बारात लेकर बघर्रा गांव पहुंचा था। बारात में युवक की 11 वर्षीय चचेरी बहन और दुल्हे का मित्र आरोपी उत्तम साहू भी शामिल थे।

बुधवार रात में जब भोजन करने के बाद बाराती शादी के कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे तब उत्तम साहू ने बालिका को कोल्ड ड्रिंक पिलाने के लिए कहा और अपने साथ गांव से बाहर लगभग एक किलोमीटर दूर ले गया। यहां साहू ने बालिका के साथ बलात्कार किया और गला दबाकर तथा सिर पर पत्थर पटक कर उसकी हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद उत्तम वापस बारातियों में शामिल हो गया। सिंह ने बताया कि जब बालिका देर तक नहीं लौटी तक उसके पिता ने उसकी खोजबीन शुरू की। इस दौरान उन्हें बालिका के अंतिम बार साहू के साथ देखे जाने की भी जानकारी मिली।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि गुरुवार सुबह बालिका का शव नहर के किनारे बरामद किया गया और साहू से पूछताछ की गई। बाद में साहू ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। सिंह ने बताया कि पुलिस ने बालिका की हत्या और बलात्कार के आरोप में उत्तम साहू को गिरफ्तार कर लिया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत