1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. तबीयत बिगड़ने के बाद एम्स ले जाए गए चिदंबरम, कुछ देर बाद अस्पताल से मिली छुट्टी

तबीयत बिगड़ने के बाद एम्स ले जाए गए चिदंबरम, कुछ देर बाद अस्पताल से मिली छुट्टी

 Written By: Bhasha
 Published : Oct 28, 2019 06:01 pm IST,  Updated : Oct 28, 2019 09:21 pm IST

सूत्रों के मुताबिक आईएनएक्स मीडिया मामले में गिरफ्तार चिदंबरम के पेट में दर्द और कुछ अन्य शिकायतों के कारण उन्हें पहले राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया और फिर उन्हें एम्स ले जाया गया। 

Chidamabaram- India TV Hindi
पूर्व केंद्रीय मंत्री पी चिदंबरम Image Source : PTI (FILE)

नई दिल्ली। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम को पेट में दर्द और स्वास्थ्य से जुड़ी कुछ परेशानियों के कारण सोमवार को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ले जाया गया, जहां से कुछ देर बाद उन्हें छुट्टी मिल गई और उन्हें फिर से प्रवर्तन निदेशालय की हिरासत में भेज दिया गया।

सूत्रों के मुताबिक आईएनएक्स मीडिया मामले में गिरफ्तार चिदंबरम के पेट में दर्द और कुछ अन्य शिकायतों के कारण उन्हें पहले राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया और फिर उन्हें एम्स ले जाया गया। एम्स में चिकित्सकों ने उनके स्वास्थ्य की जांच की और बाद में उन्हें छुट्टी मिल गई। इसके बाद उन्हें वापस ईडी की हिरासत में भेजा गया।

एम्स के सूत्रों का कहना है कि चिदंबरम को शाम करीब 5.40 बजे एम्स लाया गया। उधर, चिदंबरम के करीबी एक व्यक्ति ने कहा, ‘‘उनकी सेहत अच्छी नहीं है।’’ उच्चतम न्यायालय ने आईएनएक्स मीडिया भ्रष्टाचार मामले में पी.चिदंबरम को बीते मंगलवार को जमानत दे दी थी। सीबीआई की ओर से दर्ज इस मामले में गिरफ्तार किए जाने के दो महीने बाद चिदंबरम को यह राहत मिली थी, लेकिन उन्हें अभी जेल में ही रहना होगा, क्योंकि प्रवर्तन निदेशालय ने एक अन्य मामले में पहले ही उन्हें गिरफ्तार किया है।

केन्द्रीय जांच ब्यूरो ने भ्रष्टाचार के मामले में चिदंबरम को 21 अगस्त को गिरफ्तार किया था। यह मामला 2007 में वित्त मंत्री के रूप में पी चिदंबरम के कार्यकाल में आईएनएक्स मीडिया के 305 करोड़ रुपये का विदेशी निवेश प्राप्त करने के लिये विदेशी निवेश संवर्द्धन बोर्ड की मंजूरी लेने में हुई कथित अनियमितताओं से संबंधित है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत