1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. कोलकाता: पुलिस और BJP कार्यकर्ताओं के बीच झड़प, भीड़ भगाने के लिए किया गया बल प्रयोग

कोलकाता: पुलिस और BJP कार्यकर्ताओं के बीच झड़प, भीड़ भगाने के लिए किया गया बल प्रयोग

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Nov 26, 2020 04:24 pm IST,  Updated : Nov 26, 2020 04:24 pm IST

दक्षिण पश्चिमी कोलकाता में बृहस्पतिवार को निर्माणाधीन मजेरहाट पुल की ओर बढ़ रहे भाजपा कार्यकर्ताओं को रोके जाने के बाद पुलिस के साथ उनकी झड़प हो गई।

कोलकाता: पुलिस और BJP कार्यकर्ताओं के बीच झड़प, भीड़ भगाने के लिए किया गया बल प्रयोग- India TV Hindi
कोलकाता: पुलिस और BJP कार्यकर्ताओं के बीच झड़प, भीड़ भगाने के लिए किया गया बल प्रयोग Image Source : TWITTER

कोलकाता: दक्षिण पश्चिमी कोलकाता में बृहस्पतिवार को निर्माणाधीन मजेरहाट पुल की ओर बढ़ रहे भाजपा कार्यकर्ताओं को रोके जाने के बाद पुलिस के साथ उनकी झड़प हो गई। पुलिस ने पार्टी कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए तरताला मोड़ पर अवरोधक लगाए थे। भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुल के निर्माण में हो रही देरी के विरोध में प्रदर्शन किया। 

एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर पत्थर फेंके, जिसके बाद भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। अधिकारी ने कहा कि भाजपा के कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया गया है। 

पार्टी सूत्रों ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय विरोध प्रदर्शन रैली में हिस्सा लेने वाले थे लेकिन उनके पहुंचने से पहले ही पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर कर दिया। 

बंगाल भाजपा के उपाध्यक्ष अर्जुन सिंह ने ट्वीट कर कहा, "तारीख पर तारीख, तारीख पर तारीख! माझेरहाट ब्रिज कितना महत्वपूर्ण है, यह हर कोलकातावासी जानता है। इसके बावजूद ब्रिज चालू नहीं किया जा रहा है।"

अर्जुन सिंह ट्वीट में तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, "ममता बनर्जी सरकार अपनी नाकामी छुपाने के लिए शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे कैलाश विजयवर्गीय जी और BJP कर्मियों को गिरफ्तार कर रही है। धिक्कार है!"

गौरतलब है कि मजेरहाट पुल का एक हिस्सा चार सितंबर 2018 को गिर गया था, जिससे दो व्यक्तियों की जान चली गई थी। पुल को ध्वस्त कर नया पुल बनाया जा रहा है और अगले महीने की शुरुआत में इसे जनता के लिए खोले जाने की उम्मीद है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत