1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. उत्तर भारत में शीतलहर का कहर जारी, घने कोहरे की चपेट में उत्तर प्रदेश-पंजाब-हरियाणा

उत्तर भारत में शीतलहर का कहर जारी, घने कोहरे की चपेट में उत्तर प्रदेश-पंजाब-हरियाणा

 Written By: Bhasha
 Published : Jan 20, 2020 11:26 pm IST,  Updated : Jan 21, 2020 12:02 am IST

देश के उत्तरी हिस्से में कड़ाके की ठंड का कहर जारी है। पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश जहां कोहरे की घनी चादर में लिपटे हैं, वहीं कश्मीर घाटी में सड़कों पर बर्फी जमी हुई है।

People warm themselves around a bonfire- India TV Hindi
People warm themselves around a bonfire Image Source : PTI

नई दिल्ली: देश के उत्तरी हिस्से में कड़ाके की ठंड का कहर जारी है। पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश जहां कोहरे की घनी चादर में लिपटे हैं, वहीं कश्मीर घाटी में सड़कों पर बर्फी जमी हुई है। हिमाचल प्रदेश के लोग कंपाने वाली ठंड का सामना कर रहे हैं। यहां पारा शून्य से नीचे जा चुका है। हालांकि, राष्ट्रीय राजधानी में बादल छाए रहने की वजह से न्यूनतम तापमान में थोड़ी वृद्धि दर्ज की गई। भारतीय मौसम विभाग ने बताया कि न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, अधिकतम तापमान 16.7 डिग्री सेल्सियस रहा। विभाग ने बताया कि मंगलवार सुबह घना कोहरा छाए रहने की संभावना है और पश्चिमी विक्षोभ की वजह से शाम में बारिश हो सकती है।

विभाग ने बताया कि कश्मीर में लोगों को ठंड से राहत मिलती नहीं दिख रही है क्योंकि न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से कई डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। शून्य से कम तापमान होने की वजह से सड़कों पर बर्फ की परत जमी हुई है जिससे खासतौर पर वाहन चालकों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, दोपहर बाद धूप खिलने की वजह से लोगों को थोड़ी राहत मिली। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 3.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। वहीं दक्षिणी कश्मीर के काजीगुंड में पारा शून्य से पांच डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। पहलगाम में तापमान शून्य से नौ डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने बताया कि अगले दो दिनों में घाटी में मध्यम बारिश या बर्फबारी हो सकती है। 

पड़ोसी राज्य हिमाचल प्रदेश में भी तापमान शून्य से नीचे पहुंच गया। शिमला में मौसम केंद्र के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि कुफरी में तापमान शून्य से तीन डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। इसके बाद मनाली में तापमान शून्य से 2.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। लाहौल-स्पीति का प्रशासनिक केंद्र केलोंग अब भी राज्य का सबसे ठंडा स्थान बना हुआ है। यहां न्यूनतम तापमान शून्य से 14.4 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया। पंजाब और हरियाणा की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में तापमान 7.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंजाब के अमृतसर, लुधियाना, पटियाला में न्यूनतम तापमान क्रमश: 7.4, 6.9, 8.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 

हरियाणा के अंबाला, हिसार और करनाल में तापमान क्रमश: 7.6, 6.5 और आठ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है। राज्य के दूरदराज स्थानों पर सामान्य से घना कोहरा दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक राज्य के ज्यादातर स्थानों पर मौसम स्थिति शुष्क है और बृहस्पितवार तक दूरदराज के स्थानों पर आंशिक से मध्यम कोहरा छाया रह सकता है। राजस्थान में रात का तापमान सामान्य से कम दर्ज किया गया। सीकर दो डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा। मौसम कार्यालय ने अनुमान लगाया है कि राज्य में अगले 24 घंटे में मौसम में कोई बदलाव नहीं होगा।

Related Video
Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत