1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. उत्तर भारत में शीत लहर का प्रकोप जारी, हिमाचल प्रदेश और उत्तर प्रदेश में हुई बारिश

उत्तर भारत में शीत लहर का प्रकोप जारी, हिमाचल प्रदेश और उत्तर प्रदेश में हुई बारिश

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jan 18, 2020 11:37 pm IST,  Updated : Jan 18, 2020 11:46 pm IST

हिमाचल प्रदेश और उत्तर प्रदेश में कई स्थानों पर बारिश होने के साथ ही शनिवार को उत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में शीत लहर का कहर जारी रहा। वहीं कश्मीर घाटी और लद्दाख में पारा जमावबिंदु से नीचे चला गया।

Cold, north India, rain, Himachal Pradesh, Uttar Pradesh- India TV Hindi
Cold wave continues in north India, rains in Himachal and Uttar Pradesh Image Source : PTI

नयी दिल्ली: हिमाचल प्रदेश और उत्तर प्रदेश में कई स्थानों पर बारिश होने के साथ ही शनिवार को उत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में शीत लहर का कहर जारी रहा। वहीं कश्मीर घाटी और लद्दाख में पारा जमावबिंदु से नीचे चला गया। राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार सुबह घना कोहरा छाया रहा और न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और पालम में दृश्यता 50 मीटर से भी कम रही।

Related Stories

मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि शहर का अधिकतम तापमान 17.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उत्तर रेलवे के एक प्रवक्ता ने बताया कि उत्तर भारत की ओर जाने वाली करीब 20 ट्रेनें दो से पांच घंटे की देरी से चलीं। भारतीय मौसम विभाग के क्षेत्रीय पूर्वानुमान केंद्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण 21 जनवरी को दिल्ली में हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन अगले आठ से 10 दिनों में तापमान में ज्यादा गिरावट की संभावना नहीं है। 

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में शनिवार को ताजा बर्फबारी हुई। राज्य के मनाली, कुफरी और डलहौजी में न्यूनतम तापमान जमावबिंदु के पास पहुंचने से पर्यटकों को कंपकंपाती ठंड का सामना करना पड़ रहा है। शिमला मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक मनमोहन सिंह ने कहा कि प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे किन्नौर के कल्पा में पिछले 24 घंटों में 24.4 सेमी बर्फबारी दर्ज की गई। उन्होंने बताया कि डलहौजी में चार मिमी बारिश, मनाली में दो मिमी और चंबा में एक मिमी बारिश दर्ज की गई। जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति का प्रशासनिक केंद्र केलांग शून्य से 9.2 डिग्री सेल्सियस कम तापमान के साथ राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा। मौसम विभाग ने बताया कि पहाड़ी राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश भी दर्ज की गई। 

मौसम विभाग ने बताया कि उत्तर प्रदेश में शनिवार को अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा हुई। पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर घना कोहरा छाया रहा और पुरनपुर, निघासन, बहेरी, हापुड़, नवाबगंज और फतेहपुर में बारिश दर्ज की गई। कश्मीर घाटी और लद्दाख में शनिवार को शीतलहर का प्रकोप जारी रहा और न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया जिसके कारण सड़क पर बर्फ जमी रही और मोटरसाइकिल चालकों को असुविधा का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी। गुलमर्ग कश्मीर में सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां का न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि हाल ही में हुई बर्फबारी के बाद कश्मीर घाटी और केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख में तापमान शून्य से नीचे चला गया जिसके कारण सड़क पर बर्फ जमी रही और मोटरसाइकिल चालकों और अन्य आने- जाने वालों को असुविधा का सामना करना पड़ा। लद्दाख के लेह में तापमान शून्य से 13 डिग्री कम रहा और निकटस्थ द्रास में न्यूनतम तापमान शून्य से 24.1 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। 

मौसम विभाग ने कहा कि हालांकि अगले तीन दिन तक घाटी में हिमपात होने की संभावना नहीं है लेकिन 21 जनवरी से 24 जनवरी के बीच हल्की बर्फबारी हो सकती है। पंजाब और हरियाणा के ज्यादातर हिस्सों में शनिवार को भी लोगों को ठंड से राहत नहीं मिली। सुबह में घना कोहरा छाए रहने के कारण दृश्यता कम हो गई। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि पंजाब में अमृतसर सबसे ठंडा स्थान रहा जहां न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा के हिसार में न्यूनतम तापमान 4.1 डिग्री सेल्सियस, अंबाला में 6.9 डिग्री सेल्सियस, करनाल में 8.6 डिग्री सेल्सियस, नारनौल में 6.5 डिग्री सेल्सियस, रोहतक में 6.8 डिग्री सेल्सियस, भिवानी में 6.2 डिग्री सेल्सियस और सिरसा में 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चंडीगढ़ में रात में तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से अधिक है।

अधिकारी ने बताया कि सुबह में पंजाब और हरियाणा के कई जगहों पर घना कोहरा छाये रहने से दृश्यता कम हो गई। राजस्थान में ठंड की स्थिति वैसी ही बनी रही और 3.7 डिग्री सेल्सियस के न्यूनतम तापमान के साथ गंगानगर राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा। चुरू, पिलानी, सिकर, बीकानेर और जयपुर में रात का तापमान क्रमश: 3.9, 5.4, 6.2 और 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत