1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. बारिश के साथ एक बार फिर दस्तक देगी हाड़ कंपाने वाली सर्दी; पहाड़ पर बर्फ, दिल्ली में ठिठुरन

बारिश के साथ एक बार फिर दस्तक देगी हाड़ कंपाने वाली सर्दी; पहाड़ पर बर्फ, दिल्ली में ठिठुरन

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jan 07, 2020 07:24 am IST,  Updated : Jan 07, 2020 07:24 am IST

पहाड़ों पर मौसम की तल्खी जारी है। कश्मीर से लेकर उत्तराखंड तक बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है। पहाड़ बर्फबारी की वजह से भींग रहे हैं तो मैदानी इलाकों में बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि राजधानी दिल्ली में मौसम के इरादे बदल सकते हैं।

बारिश के साथ एक बार फिर दस्तक देगी हाड़ कंपाने वाली सर्दी; पहाड़ पर बर्फ, दिल्ली में ठिठुरन- India TV Hindi
बारिश के साथ एक बार फिर दस्तक देगी हाड़ कंपाने वाली सर्दी; पहाड़ पर बर्फ, दिल्ली में ठिठुरन Image Source : PTI

नई दिल्ली: पहाड़ों पर मौसम की तल्खी जारी है। कश्मीर से लेकर उत्तराखंड तक बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है। पहाड़ बर्फबारी की वजह से भींग रहे हैं तो मैदानी इलाकों में बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि राजधानी दिल्ली में मौसम के इरादे बदल सकते हैं। यहां जल्द ही बारिश के साथ हाड़ कंपाने वाली सर्दी के लौटने के आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक अगले एक—दो दिन में प्रदेश के अनेक हिस्सों में बारिश होने का अनुमान है और ज्यादातर इलाकों में बादल छा सकते हैं और बर्फीली हवा चलने से ठंड में इजाफा हो सकता है। 

Related Stories

विभाग के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान उत्तर प्रदेश के अनेक हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से कई डिग्री ज्यादा होने की वजह से सर्दी से लोगों को राहत मिली थी, लेकिन अगले एक—दो दिन के बाद गलन भरी सर्दी से फिर जूझना पड़ सकता है। पिछले 24 घंटों के दौरान इलाहाबाद मण्डल में रात के तापमान में खासी गिरावट दर्ज की गयी। वहीं, राज्य के बाकी मण्डलों में यह सामान्य रहा।

मनाली के आसमान में काले बादल छाये हैं जो कभी पानी तो कभी बर्फ बरसा रहे हैं। ये मौसम पर्यटकों के लिए मौज मस्ती वाला मौसम बन चुका है। यहां का मॉल रोड सैलानियों से गुलजार है। वहीं शिमला में बारिश हो रही है। लोगों को ठंड के साथ साथ बारिश से भी बचने के सारे जतन करने पड़ रहे हैं। मौसम वैज्ञानिकों की माने तो आज और कल दो दिन बेहिसाब बारिश और बर्फबारी होने वाली है।

मौसम विभाग का रे़डार बता रहा है कि उत्तर भारत पर सफेद बादल मंडरा रहे हैं। इसका मतलब हुआ कि चुभने वाली ठंडक फिर से बढ़ सकती है। मौसम विभाग का अनुमान है कि दिल्ली एनसीआर में आज दोपहर से कल शाम तक बारिश हो सकती है। आज से 20-25 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। 9-11 जनवरी के बीच तापमान गिरकर 3-4 तक पहुंच सकता है। 8 से 10 जनवरी के बीच अधिकतम तापमान में 5 डिग्री तक गिरावट आ सकती है।

बताया जा रहा है कि पश्चिम विक्षोभ की वजह से दिल्ली का मौसम बदल रहा है। सिर्फ दिल्ली ही नहीं जम्मू कश्मीर, हिमाचल, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के उत्तरी हिस्से में गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने नौ जनवरी तक उंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश और ओलावृष्टि का पूर्वानुमान व्यक्त किया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत