1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. उत्तर भारत में शीतलहर का प्रकोप, कश्मीर, हिमाचल, उत्तराखंड में हिमपात के बाद दिल्ली में हुई हल्की बारिश

उत्तर भारत में शीतलहर का प्रकोप, कश्मीर, हिमाचल, उत्तराखंड में हिमपात के बाद दिल्ली में हुई हल्की बारिश

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jan 06, 2020 09:58 pm IST,  Updated : Jan 06, 2020 11:09 pm IST

उत्तर भारत के अधिकतर हिस्सों में सोमवार को शीतलहर का प्रकोप जारी रहा और कश्मीर घाटी, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ताजा हिमपात हुआ।

snowfall,north India- India TV Hindi
Fresh snowfall in hill states in north India, light rains in Delhi Image Source : PTI

नयी दिल्ली: उत्तर भारत के अधिकतर हिस्सों में सोमवार को शीतलहर का प्रकोप जारी रहा और कश्मीर घाटी, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ताजा हिमपात हुआ। जिसके बाद दिल्ली में सोमवार को हल्की बारिश देखने को मिली। जिसके बाद तापमान में गिरावट आ गई है। मौसम विज्ञानियों ने अगले 24 घंटे में और बारिश हो सकती है।भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने कहा कि दिल्ली में अधिकतम तापमान 19.1 डिग्री सेल्सियस रहा जो साल की इस अवधि का सामान्य तापमान है। वहीं, शहर का न्यूनतम तापमान 9.9 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक है। इसने कहा कि उत्तर भारत में सात से नौ जनवरी के बीच बारिश होने की संभावना है जिससे दिल्ली में तापमान में गिरावट आएगी।

कश्मीर में श्रीनगर और अन्य हिस्सों में 2020 का पहला हिमपात हुआ। वहीं, ताजा बारिश की वजह से समूची घाटी में रात के तापमान में सुधार हुआ। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि श्रीनगर शहर सहित समूचे कश्मीर में सुबह से ही हल्की से मध्यम बारिश होती रही। भारतीय हवाईअड्डा प्राधिकरण के एक अधिकारी ने कहा कि हालांकि श्रीनगर से जाने वाली और श्रीनगर आने वाली उड़ानें निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी हैं। श्रीनगर में बीती रात तापमान शून्य से 0.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। 

snow snowfall
Image Source : PTIA view of a snow-covered locality after fresh snowfall near Palchan in Kullu district.

snowfall
Image Source : PTIFresh snowfall in hill states in north India, light rains in Delhi

अधिकारियों ने बताया कि सोमवार को बारिश की वजह से भूस्खलन के कारण जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग पर 600 से अधिक वाहन फंस गए। उत्तराखंड में ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा हिमपात हुआ और हाड़ कंपा देने वाली सर्दी जारी रही। इसके साथ ही मैदानी इलाकों में रुक-रुककर बारिश हुई। बद्रीनाथ, केदारनाथ, हेमकुंड साहिब और फूलों की घाटी में भी सोमवार की सुबह ताजा हिमपात हुआ। वहीं, निचले इलाकों में बारिश हुई। गंगोत्री, यमुनोत्री, हारसिल, हर की दून में भी ताजा हिमपात हुआ। हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा हिमपात, जबकि निचले क्षेत्रों और मैदानी इलाकों में बारिश हुई। शिमला मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि परिणामस्वरूप तापमान सामान्य से छह-सात डिग्री नीचे गिर गया। 

snowfall
Image Source : PTIFresh snowfall in hill states in north India, light rains in Delhi

पंजाब और हरियाणा के कई हिस्सों में रातभर हुई बारिश के बाद शीतलहर जारी रही। न्यूनतम तापमान में हालांकि सामान्य से कई डिग्री अधिक वृद्धि देखी गई। चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान में सामान्य से छह डिग्री अधिक की वृद्धि हुई और यह 11.3 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, राजस्थान में भी शीतलहर जारी रही। उत्तर प्रदेश ठंडा और सूखा रहा। राज्य के कई इलाकों में सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग ने कहा कि राज्य के अधिकतर इलाकों में मंगलवार को गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। वहीं, पूर्वी भारत में पश्चिम बंगाल के दार्जीलिंग में सोमवार को तापमान लगभग जमाव बिन्दु के पास रहा। वहीं, राज्य के अन्य हिस्सों में तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 

दिल्ली में हल्की बारिश, सप्ताहांत में लुढ़क सकता है पारा

दिल्ली में सोमवार को न्यूनतम तापमान में वृद्धि के बाद शाम को हल्की बारिश हुई और अगले 24 घंटे में और वर्षा होने की संभावना है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार शहर में बादल छाये रहने की वजह से न्यूनतम तापमान थोड़ा बढ़ गया। हालांकि अगले तीन-चार दिन में पश्चिमी विक्षोभ के चलते बारिश होने के कारण तापमान और कम हो सकता है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि आज अधिकतम तापमान 19.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस समय सामान्य है।

विभाग के मुताबिक न्यूनतम तापमान 9.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जोकि सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक है। मौसम विज्ञानियों कहना है कि उत्तर भारत में सात और नौ जनवरी के बीच वर्षा होने की संभावना है जिससे दिल्ली में पारा लुढ़क सकता है। उनके अनुसार 11 जनवरी तक न्यूनतम तापमान तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। मंगलवार शाम को शहर में हल्की वर्षा, गरज के साथ बौछारें, ओलावृष्टि होने की संभावना है। शाम तक 20-25 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 18 और 10 डिग्री से.के आसपास रहने की संभावना है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत