1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. आधे हिंदुस्तान में रिकॉर्ड तोड़ ठंड, दिल्ली-चंडीगढ़ में दर्ज किया गया मौसम का सबसे कम तापमान

आधे हिंदुस्तान में रिकॉर्ड तोड़ ठंड, दिल्ली-चंडीगढ़ में दर्ज किया गया मौसम का सबसे कम तापमान

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Dec 19, 2019 07:21 am IST,  Updated : Dec 19, 2019 07:21 am IST

उत्तर भारत में शीत लहर के चलते ठंड और अधिक बढ़ गई है। आधा भारत सर्दी के शिकंजे में है। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी का रिकॉर्ड टूट रहा है तो मैदानी इलाकों में कंपा देने वाली सर्दी पड़ रही है। आज से घना कोहरा और बेमौसम बारिश नई मुसीबत बनने वाले हैं।

आधे हिंदुस्तान में रिकॉर्ड तोड़ ठंड, दिल्ली-चंडीगढ़ में दर्ज किया गया मौसम का सबसे कम तापमान- India TV Hindi
आधे हिंदुस्तान में रिकॉर्ड तोड़ ठंड, दिल्ली-चंडीगढ़ में दर्ज किया गया मौसम का सबसे कम तापमान

नयी दिल्ली: उत्तर भारत में शीत लहर के चलते ठंड और अधिक बढ़ गई है। आधा भारत सर्दी के शिकंजे में है। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी का रिकॉर्ड टूट रहा है तो मैदानी इलाकों में कंपा देने वाली सर्दी पड़ रही है। आज से घना कोहरा और बेमौसम बारिश नई मुसीबत बनने वाले हैं। दिल्ली और अन्य प्रमुख शहरों में इस मौसम का सबसे कम तापमान दर्ज किया गया। वहीं, राजस्थान, पंजाब, जम्मू-कश्मीर और हरियाणा में अलग-अलग स्थानों पर घना कोहरा छाया रहा। 

राष्ट्रीय राजधानी में मौसम का सबसे ठंडा दिन रिकॉर्ड किया गया, यहां न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने कहा कि अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से पांच डिग्री कम और आर्द्रता का स्तर 97 से 61 प्रतिशत के बीच दर्ज किया गया। ठंड के कारण गुरुवार और शुक्रवार को गाजियाबाद और गौतम बूद्ध नगर में स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया गया है। 

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार गुरुवार सुबह शहर में कई जगहों पर कोहरे छाये रहने के साथ ही ठंड बहुत अधिक रहेगी। अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 11.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो शिमला से कम था। यह केंद्र शासित प्रदेश का इस मौसम का अब तक का सबसे ठंडा दिन था। 

पंजाब और हरियाणा में, नारनौल और फरीदकोट क्रमशः 2.5 डिग्री सेल्सियस और 3.6 डिग्री सेल्सियस पर सबसे ठंडा रहे, जबकि राजस्थान के माउंट आबू में रात का तापमान 1.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जम्मू में, रात का तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो इस सीजन अब तक का सबसे कम तापमान है। 

जम्मू कश्मीर और लद्दाख में पिछले एक सप्ताह से पारा काफी नीचे है और पिछले कुछ दिनों से ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी हो रही है। इसके अलावा मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, त्रिपुरा, सिक्किम समेत देश के कई अन्य हिस्सों में कड़ाके की सर्दी जारी है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत