1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. पश्चिमी विक्षोभ और पूर्वी हवाओं ने दी सर्दी से आंशिक राहत, कम हुआ शीत लहर का असर

पश्चिमी विक्षोभ और पूर्वी हवाओं ने दी सर्दी से आंशिक राहत, कम हुआ शीत लहर का असर

 Edited By: Bhasha
 Published : Jan 01, 2020 08:54 pm IST,  Updated : Jan 01, 2020 08:54 pm IST

पिछले एक पखवाड़े से भीषण सर्दी के दौर से गुजर रहे उत्तर भारत में अगले दो तीन दिनों तक शीत लहर से आंशिक राहत मिलने की मौसम विभाग ने संभावना व्यक्त की है। 

Cold Wave- India TV Hindi
Cold Wave Image Source : PTI

नयी दिल्ली: पिछले एक पखवाड़े से भीषण सर्दी के दौर से गुजर रहे उत्तर भारत में अगले दो तीन दिनों तक शीत लहर से आंशिक राहत मिलने की मौसम विभाग ने संभावना व्यक्त की है। मौसम विभाग की उत्तर क्षेत्रीय पूर्वानुमान इकाई के प्रमुख डा.कुलदीप श्रीवास्तव ने बुधवार को बताया कि पिछले 24 घंटे में मौसम की बदली परिस्थितियों के कारण उत्तरी राज्यों पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के अधिकांश इलाकों में दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गयी है। उन्होंने बताया कि दिल्ली और आसपास के इलाकों में बुधवार को सुबह कोहरे के बाद दिन में धूप खिलने के कारण अधिकतम तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक था। हालांकि सुबह के समय न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री सेल्सियस रहा। 

उन्होंने बताया कि 30 दिसंबर को हिमालय क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता का असर मैदानी क्षेत्रों में सर्दी की वजह बन रही पश्चिमी हवाओं के कमजोर पड़ने और मैदानी इलाकों से चलने वाली पूर्वी हवाओं के जोर पकड़ने के कारण अधिकतम तापमान में इजाफा हुआ है। अगले 48 घंटों के पूर्वानुमान के बारे में उन्होंने बताया कि गुरुवार को दिल्ली, उत्तर प्रदेश के पूर्वी और दक्षिणी हिस्सों, उत्तरी राजस्थान और पूर्वी उत्तराखंड में सुबह के समय कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। डा. श्रीवास्तव ने बताया कि गुरुवार को दिल्ली और आसपास के इलाकों में सुबह के समय न्यूनतम तापमान चार से पांच डिग्री सेल्सियस और दिन का तापमान 19 से 20 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना को देखते हुये सीवियर कोल्ड डे और कोल्ड डे की स्थिति अब नहीं रहेगी। 

हालांकि पश्चिमी राजस्थान, पूर्वी मध्य प्रदेश, दक्षिणी उत्तर प्रदेश और उत्तरी छत्तीसगढ़ के कुछ स्थानों पर सीवियर कोल्ड डे की स्थिति बुधवार को बरकरार रही। जबकि बिहार और झारखंड के चुनिंदा स्थानों पर और पूर्वी राजस्थान तथा पश्चिमी मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में दिन का तापमान सामान्य से कम रहने के कारण कोल्ड डे की स्थिति बनी हुयी है। उन्होंने बताया कि कड़ाके की सर्दी से तीन जनवरी तक राहत के बाद पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर पड़ने के कारण पश्चिमी हवाओं का असर एक बार फिर दिखेगा। इसके मद्देनजर चार और पांच जनवरी को पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में सुबह के समय घना कोहरा होने के साथ तापमान में गिरावट की संभावना है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत