1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. पूरे उत्तर भारत में भीषण ठंड का प्रकोप, शीत लहर से गिरा तापमान

पूरे उत्तर भारत में भीषण ठंड का प्रकोप, शीत लहर से गिरा तापमान

 Written By: Bhasha
 Published : Dec 25, 2015 08:25 am IST,  Updated : Dec 25, 2015 08:25 am IST

उत्तर भारत शीत लहर की और चपेट में आ गया है। जम्मू कश्मीर के कारगिल में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 14.5 डिग्री पहुंच गया जबकि हिमाचल प्रदेश के लाहौल के कीलॉन्ग में और स्पीति जिले में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 11.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

cold wave- India TV Hindi
cold wave

नई दिल्ली: उत्तर भारत शीत लहर की और चपेट में आ गया है। जम्मू कश्मीर के कारगिल में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 14.5 डिग्री पहुंच गया जबकि हिमाचल प्रदेश के लाहौल के कीलॉन्ग में और स्पीति जिले में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 11.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। वहीं पंजाब के अमृतसर में भी तापमान जमाव बिंदु तक पहुंच गया है। राष्ट्रीय राजधानी भी शीत लहर की चपेट में है और न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ जो कि मौसम के औसत तापमान से एक डिग्री सेल्सियस कम है। अधिकतम तापमान 19.2 डिग्री दर्ज हुआ जो सामान्य से दो डिग्री नीचे था। शहर के कई हिस्सों में घना कोहरा भी रहा, जिस वजह से दृश्यता का स्तर सुबह साढ़े साठ बजे 200 मीटर और सुबह साढ़े 11 बजे 700 मीटर था। हालांकि दृश्यता के स्तर दोपहर ढाई बजे सुधरकर तीन हजार मीटर हो गया। जम्मू कश्मीर में, कश्मीर के घाटी के उंचाई वाले इलाके में हल्की बर्फबारी की वजह से पारा और गिर गया। हालांकि रात के वक्त आसमान साफ था।

लद्दाख के सीमावर्ती क्षेत्र में करिगल, राज्य का सबसे सर्द स्थान रहा। यहां का रात का तापमान गिरकर शून्य से नीचे 14.5 डिग्री सेल्सियस चला गया जो कि बुधवार रात से चार डिग्री सेल्सियस कम था। श्रीनगर में भी बुधवार रात की तुलना में पारा करीब चार डिग्री गिरा। इस शहर में मौसम की सबसे सर्द रात 21 दिसंबर को दर्ज की गई थी जब न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 5.6 डिग्री पहुंच गया था। पंजाब में, अमृतसर भी भीषण शीत लहर की चपेट में है। इस शहर का रात का तापमान शून्य से नीचे 0.2 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से चार डिग्री कम है। वहीं लुधियाना और पटियाला में न्यूनतम तापमान क्रमश: छह डिग्री और 7.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हरियाणा का सबसे से सर्द इलाका नारनौल रहा, जहां का न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

राजस्थान में, घने कोहरे की वजह से, उत्तर पश्चिम रेलवे की नौ ट्रेनें देरी से चल रही हैं। कोहरे ने राज्य के पूर्वी हिस्से में सामान्य जनजीवन को प्रभावित किया है जिसमें, धौलपुर, अलवर, भरतपुर, श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ शामिल है। राज्य का सबसे सर्द इलाका चुरू रहा। इस स्थान का न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। हिमाचल प्रदेश के उंचाई वाले और आदिवासी क्षेत्रों में मध्यम स्तर की बर्फबारी हुई है। इस वजह से राज्य के अधिकतर हिस्सों में भीषण सर्दी पड़ रही है। लाहौल के केलॉन्ग में और स्पीति जिले में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 11.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार किन्नौर जिले के कल्पा में और मनाली में न्यूनतम तापमान शून्य से छह डिग्री नीचे और 4.2 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। शिवालिक पहाड़ियों के निचले हिस्से उना में पारा शून्य से 3.3 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। शिमला में पारा 5.5 डिग्री और सोलन में शून्य से 0.8 डिग्री नीचे रिकॉर्ड किया गया। वहीं सुंदरनगर में तापमान शून्य डिग्री रहा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत