1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. असम के सोनितपुर में राम मंदिर जश्न को लेकर झड़प, कई घायल

असम के सोनितपुर में राम मंदिर जश्न को लेकर झड़प, कई घायल

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Aug 06, 2020 02:22 pm IST,  Updated : Aug 06, 2020 02:22 pm IST

दो समुदायों में झड़प के बाद सोनितपुर इलाके में कर्फ्यू लगा दिया गया है।

प्रतीकात्मक तस्वीर- India TV Hindi
प्रतीकात्मक तस्वीर Image Source : PTI/FILE

तेजपुर (असम): सोनितपुर जिले में अयोध्या में राम मंदिर के भूमिपूजन समारोह का जश्न मनाने के लिए बजरंग दल के कार्यकर्ताओं द्वारा बाइक रैली निकाले जाने के बाद बुधवार को असम के दो समुदायों के बीच झड़प हो गई। यह जानकारी अधिकारियों ने दी। अधिकारियों ने बताया कि स्थिति को नियंत्रित करने के लिए, पुलिस ने हवा में गोलियां चलाईं और कई बाइक और अन्य वाहन जलाये जाने के बाद अतिरिक्त बल तैनात किया गया। 

यह घटना उस समय हुई जब बड़ी संख्या में बाइक सवार थेलामारा थाना क्षेत्र के भोरा सिंगोरी में एक शिव मंदिर की ओर जा रहे थे। तेज आवाज में संगीत बजा रहे थे और नारे लगा रहे थे। एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘स्थानीय लोगों ने अपने क्षेत्र में समूह द्वारा तेज संगीत बजाने पर आपत्ति जताई। उन्होंने यह भी पूछा कि जब लोग कोविड-19 महामारी से लड़ रहे हैं तो रैली का आयोजन क्यों किया गया। इसके कारण बहस हुई, जिसके बाद झड़प शुरू हो गई।’’ 

उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों ने बजरंग दल के सदस्यों के एक चार पहिया वाहन सहित कई बाइक जला दीं, जिन्होंने धारदार हथियार भी ले रखे थे। अधिकारी ने कहा, ‘‘इलाके में अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। स्थिति नियंत्रण में लेकिन तनावपूर्ण है।’’ बजरंग दल के सदस्यों ने दावा किया कि उनके कम से कम 12 सदस्य घायल हुए हैं। दो समुदायों में झड़प के बाद सोनितपुर इलाके में कर्फ्यू लगा दिया गया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत