1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Coronavirus: देश में कोरोना के मामले 94 लाख के पार, लेकिन एक्टिव मामलों में आई कमी

Coronavirus: देश में कोरोना के मामले 94 लाख के पार, लेकिन एक्टिव मामलों में आई कमी

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Nov 30, 2020 09:25 am IST,  Updated : Nov 30, 2020 09:25 am IST

कोरोना के नए मामलों में लगातार बढ़ोतरी जारी है और अब देश में कुल कोरोना वायरस मामलों का आंकड़ा बढ़कर 94,31,691 तक पहुंच गया है। पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में कोरोना वायरस के 38772 नए मामले दर्ज किए गए हैं

कोरोना मरीजों की...- India TV Hindi
कोरोना मरीजों की पहचान के लिए हाल के दिनों में कोरोना टेस्टिंग को फिर से बढ़ाया गया है Image Source : PTI

नई दिल्ली। देश में एक बार फिर से लगातार बढ़ रहे कोरोना मामलों के बीच कुछ राहत भरी खबर भी है, एक बार फिर से कोरोना के एक्टिव मामलों में कमी आना शुरू हो गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक 24 घंटों के दौरान देशभर में कोरोना वायरस के एक्टिव मामलों में 7004 की कमी आई है और अब देश में कोरोना वायरस के कुल एक्टिव मामले घटकर 446952 रह गए हैं जो देश के कुल कोरोना मामलों का 4.73 प्रतिशत है।

हालांकि कोरोना के नए मामलों में लगातार बढ़ोतरी जारी है और अब देश में कुल कोरोना वायरस मामलों का आंकड़ा बढ़कर 94,31,691 तक पहुंच गया है। पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में कोरोना वायरस के 38772 नए मामले दर्ज किए गए हैं। हालांकि ठीक होने वाले लोगों की संख्या नए आने वाले मामलों के मुकाबले ज्यादा है और यही वजह है कि एक्टिव मामले घट गए हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक देश में अबतक सामने आए कुल 9431691 कोरोना वायरस मामलों में 8847600 लोग पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं, पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में 45333 लोग कोरोना वायरस से ठीक हुए हैं। देश में अब कोरोना वायरस से रिकवरी की दर 93.80 प्रतिशत हो गई है। कोरोना वायरस की वजह से होने वाली मौतों में भी पहले के मुकाबले कुछ कमी आई है, स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक 24 घंटों के दौरान देशभर में कोरोना की वजह से 443 लोगों की जान गई है, अबतक यह वायरस देश में 137169 लोगों की मौत का कारण बन चुका है।

कोरोना मरीजों की पहचान के लिए सरकार की तरफ से टेस्टिंग को लगातार बढ़ाया जा रहा है। देशभर में रोजाना भारी संख्या में कोरोना टेस्ट हो रहे हैं। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) के अनुसार रविवार को देशभर में 8.76 लाख से ज्यादा कोरोना टेस्ट हुए हैं और देश में कुल टेस्टिंग का आंकड़ा 14.03 करोड़ को पार कर गया है।

वैश्विक स्तर पर कोरोना वायरस के मामलों की बात करें तो दुनियाभर में कुल मामलों का आंकड़ा बढ़कर 6.30 करोड़ के पार पहुंच गया है, अबतक दुनियाभर में कोरोना वायरस की वजह से 14.65 लाख से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि पूरी दुनिया में 4.35 करोड़ से ज्यादा लोग कोरोना वायरस से ठीक भी हो चुके हैं। दुनियाभर में कोरोना वायरस के सबसे अधिक मामले अमेरिका में हैं जहां पर 1.37 करोड़ से ज्यादा केस सामने आ चुके हैं और 2.73 लाख से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। इसके बाद भारत का स्थान है और भारत के बाद तीसरे नंबर पर ब्राजील है जहां पर 63.14 लाख मामले सामने आए हैं और 1.72 लाख से ज्यादा लोगों की जान गई है। चौथे नंबर पर रूस है जहां पर 22.69 कोरोना मामले दर्ज किए जा चुके हैं और 39 हजार से ज्यादा लोगों की जान गई है। पांचवें नंबर पर फ्रांस है जहां पर 22.18 लाख मामले आ चुके हैं और 50 हजार से ज्यादा की जान गई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत