1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Coronavirus से कुछ राहत, 7 लाख के नीचे आए एक्टिव केस, टेस्टिंग का आंकड़ा 10 करोड़ के पार

Coronavirus से कुछ राहत, 7 लाख के नीचे आए एक्टिव केस, टेस्टिंग का आंकड़ा 10 करोड़ के पार

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Oct 23, 2020 09:30 am IST,  Updated : Oct 23, 2020 09:31 am IST

 केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से शुक्रवार सुबह जारी आंकड़ों के मुताबिक अब देश में कोरोना के एक्टिव मामलों का आंकड़ा 7 लाख के भी नीचे आ गयी है, पिछले 24 घंटों के दौरान एक्टिव मामलों में 20303 की कमी आई है

Coronavirus testing in India surpasses 100 millions- India TV Hindi
Coronavirus testing in India surpasses 100 millions Image Source : PTI

नई दिल्ली। कोरोना वायरस को लेकर कुछ राहत की बात है, देश में कोरोना के एक्टिव मामले लगातार कम हो रहे हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से शुक्रवार सुबह जारी आंकड़ों के मुताबिक अब देश में कोरोना के एक्टिव मामलों का आंकड़ा 7 लाख के भी नीचे आ गयी है, पिछले 24 घंटों के दौरान एक्टिव मामलों में 20303 की कमी आई है और कुल एक्टिव मामलों का आंकड़ा घटकर 695509 हो गया है जो देश के कुल कोरोना मामलों का 8.96 प्रतिशत है।

हालांकि कोरोना के लगातार घट रहे एक्टिव मामलों के बावजूद सरकार कोरोना को हल्के में नहीं ले रही है और लगातार टेस्टिंग को बढ़ाया जा रहा है। पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में कोरोना वायरस के 14.42 लाख से ज्यादा टेस्ट हुए हैं और देश में कुल कोरोना टेस्टिंग का आंकड़ा 10.01 करोड़ को पार कर गया है।    

देश में लगातार कोरोना के नए मामले घट रहे हैं और साथ में कोरोना से ठीक होने वाले लोगों की संख्या भी नए मामलों के मुकाबले काफी ऊपर है। पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में कोरोना वायरस के 54366 मामले दर्ज किए गए हैं और देश के कुल कोरोना वायरस मामलों का आंकड़ा बढ़कर 77,61,312 तक पहुंच गया है।

कोरोना से ठीक होने वाले मामलों की बात करें तो उनकी संख्या नए आने वाले मामलों के से कहीं ज्यादा है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक देशभर में अबतक कुल 6948497 लोग कोरोना वायरस से पूरी तरह ठीक हो चुके हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान भी देशभर में 73979 लोग ठीक हुए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक देश में कोरोना वायरस का रिकवरी रेट बढ़कर 89.51 प्रतिशत तक पहुंच गया है।

कोरोना की वजह से जान गंवाने वालों के आंकड़े में भी पहले के मुकाबले गिरावट दर्ज की गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में कोरोना की वजह से 690 लोगों की जान गई है। अबतक देशभर में यह जानलेवा वायरस कुल 117306 लोगों की जान ले चुका है।

वैश्विक स्तर पर कोरोना वायरस के मामलों की बात करें तो दुनियाभर में कुल मामलों का आंकड़ा बढ़कर 4.19 करोड़ के पार पहुंच गया है, अबतक दुनियाभर में कोरोना वायरस की वजह से 11.42 लाख से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि पूरी दुनिया में 3.11 करोड़ से ज्यादा लोग कोरोना वायरस से ठीक भी हो चुके हैं। दुनियाभर में कोरोना वायरस के सबसे अधिक मामले अमेरिका में हैं जहां पर 86.61 लाख से ज्यादा केस सामने आ चुके हैं और 2.28 लाख से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। इसके बाद भारत का स्थान है और भारत के बाद तीसरे नंबर पर ब्राजील है जहां पर 53.32 लाख मामले सामने आए हैं और 1.55 लाख से ज्यादा लोगों की जान गई है। रूस में भी 14.63 लाख से ज्यादा केस सामने आ चुके हैं और 25 हजार से ज्यादा लोगों की जान गई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत