1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Coronavirus: देश में अब 40 लाख से ज्यादा कोरोना मामले, 24 घंटे में रिकॉर्ड 86432 नए केस

Coronavirus: देश में अब 40 लाख से ज्यादा कोरोना मामले, 24 घंटे में रिकॉर्ड 86432 नए केस

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Sep 05, 2020 09:36 am IST,  Updated : Sep 05, 2020 09:36 am IST

स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में कोरोना वायरस की वजह से 1089 लोगों की जान गई है और अबतक यह वायरस देश में कुल 69561 लोगों की मौत का कारण बन चुका है

coronavirus testing in India surpasses 47 millions - India TV Hindi
coronavirus testing in India surpasses 47 millions  Image Source : INDIA TV

नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस की रिकॉर्ड टेस्टिंग और तमाम प्रयासों के बावजूद संक्रमण फैलता ही जा रहा है और आय दिन कोरोना वायरस के रिकॉर्डतोड़ मामले सामने आ रहे हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान भी देश में कोरोना वायरस के रिकॉर्ड मामले दर्ज किए गए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक शुक्रवार सुबह 8 बजे से लेकर शनिवार सुबह 8 बजे तक देशभर में कोरोना वायरस के रिकॉर्ड 86432 नए केस आए हैं और देश में कुल कोरोना वायरस मामलों का आंकड़ा बढ़कर 40,23,179 हो गया है।

देश में कोरोना वायरस के सिर्फ केस ही नहीं बढ़ रहे हैं बल्कि इसके संक्रमण की वजह से लोगों की मौत का आंकड़ा भी लगातार बढ़ रहा है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में कोरोना वायरस की वजह से 1089 लोगों की जान गई है और अबतक यह वायरस देश में कुल 69561 लोगों की मौत का कारण बन चुका है।

हालांकि कुछ राहत की बात ये हैं कि कोरोना वायरस से ठीक होने वाले लोगों की संख्या भी तेजी से बढ़ रही है और पिछले 24 घंटों में रिकॉर्ड लोग ठीक हुए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में 70072 लोग कोरोना वायरस से पूरी तरह ठीक हो चुके हैं। अबतक देश में कुल 3107223 लोग कोरोना वायरस से ठीक हो चुके हैं और भारत में इसका रिकवरी रेट 77.23 प्रतिशत हो गया है।  

कोरोना टेस्टिंग की बात करें तो उसमें लगातार बढ़ोतरी हो रही है। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान संस्थान (ICMR) के आंकड़ों के मुताबिक शुक्रवार को देशभर में कुल 10.59 लाख से ज्यादा कोरोना टेस्ट हुए हैं, इससे पहले बुधवार और गुरुवार को 11 लाख से ज्यादा टेस्ट हुए थे। देशभर में अबतक कुल 4.77 करोड़ से ज्यादा कोरोना टेस्ट हो चुके हैं।  

वैश्विक स्तर पर कोरोना वायरस के मामलों की बात करें तो दुनियाभर में कुल मामलों का आंकड़ा बढ़कर 2.67 करोड़ के पार पहुंच गया है, अबतक दुनियाभर में कोरोना वायरस की वजह से 8.78 लाख से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि पूरी दुनिया में 1.89 करोड़ से ज्यादा लोग कोरोना वायरस से ठीक भी हो चुके हैं। दुनियाभर में कोरोना वायरस के सबसे अधिक मामले अमेरिका में हैं जहां पर 63.89 लाख से ज्यादा केस सामने आ चुके हैं और 1.92 लाख से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है, इसके बाद ब्राजील में 40.91 लाख से ज्यादा केस सामने आए हैं और 1.25 लाख से ज्यादा की जान गई है। रूस में भी 10.15 लाख से ज्यादा केस सामने आ चुके हैं और 17 हजार से ज्यादा लोगों की जान गई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत