1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Coronavirus: 47 लाख के पार पहुंचा कोरोना मरीजों का आंकड़ा, 24 घंटे में 1114 की गई जान

Coronavirus: 47 लाख के पार पहुंचा कोरोना मरीजों का आंकड़ा, 24 घंटे में 1114 की गई जान

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Sep 13, 2020 09:40 am IST,  Updated : Sep 13, 2020 09:40 am IST

पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में 78399 लोग कोरोना से ठीक हुए हैं। अबतक कुल 3702595 लोग कोरोना से ठीक हो चुके हैं और देश में कोरोना वायरस से रिकवरी की दर 77.87 प्रतिशत है

Coronavirus testing in India surpasses 56 millions- India TV Hindi
Coronavirus testing in India surpasses 56 millions Image Source : PTI

नई दिल्ली। रोजाना कोरोना वायरस के आने वाले नए मामलों को देखते हुए लग रहा है कि भारत में यह वायरस फिलहाल बेकाबू है और जल्द इससे राहत मिलने की संभावना भी कम है। हालात ये हो चुके हैं कि अब रोजाना आने वाले नए कोरोना वायरस मामलों का आंकड़ा 1 लाख के करीब पहुंच चुका है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटों यानि शनिवार सुबह 8 बजे से लेकर सोमवार सुबह 8 बजे के दौरान देशभर में कोरोना वायरस के 94372 नए मामले सामने आए हैं और कुल कोरोना वायरस मामलों का आंकड़ा 4754356 हो गया है।

कोरोना वायरस के संक्रमण की वजह से देश में मौतों का आंकड़ा भी तेजी से बढ़ रहा है। स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक 24 घंटों में 1114 लोगों ने देशभर में कोरोना की वजह से जान गंवाई है। अबतक यह वायरस पूरे देश में 78399 लोगों की मौत का कारण बन चुका है। अब ऐसा कोई दिन नहीं जा रहा जब रोजाना मौत का आंकड़ा 1000 से नीचे हो।

हालांकि कोरोना से ठीक होने वालों की संख्या भी बढ़ रही है लेकिन जिस रफ्तार से नए मामले सामने आ रहे हैं उस रफ्तार से लोग ठीक नहीं हो रहे हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में 78399 लोग कोरोना से ठीक हुए हैं। अबतक कुल 3702595 लोग कोरोना से ठीक हो चुके हैं और देश में कोरोना वायरस से रिकवरी की दर 77.87 प्रतिशत है।

कोरोना मरीजों की पहचान के लिए देशभर में टेस्टिंग लगातार बढ़ाई जा रही है, शनिवार को देशभर में 10.71 लाख से ज्यादा कोरोना टेस्ट हुए हैं और कुल कोरोना वायरस टेस्टिंग का आंकड़ा अब बढ़कर 5.62 करोड़ को पार कर चुका है। दुनियाभर में अमेरिका के बाद भारत में ही सबसे ज्यादा कोरोना टेस्ट हो रहे हैं।    

वैश्विक स्तर पर कोरोना वायरस के मामलों की बात करें तो दुनियाभर में कुल मामलों का आंकड़ा बढ़कर 2.89 करोड़ के पार पहुंच गया है, अबतक दुनियाभर में कोरोना वायरस की वजह से 9.24 लाख से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि पूरी दुनिया में 2.08 करोड़ से ज्यादा लोग कोरोना वायरस से ठीक भी हो चुके हैं। दुनियाभर में कोरोना वायरस के सबसे अधिक मामले अमेरिका में हैं जहां पर 66.76 लाख से ज्यादा केस सामने आ चुके हैं और 1.98 लाख से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। इसके बाद भारत का स्थान है और भारत के बाद तीसरे नंबर पर ब्राजील है जहां पर 43.15 लाख मामले सामने आए हैं और 1.31 लाख से ज्यादा लोगों की जान गई है। रूस में भी 10.57 लाख से ज्यादा केस सामने आ चुके हैं और 18 हजार से ज्यादा लोगों की जान गई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत