नई दिल्ली. पूरी दुनिया में कोहराम मचाने वाले कोरोनावायरस के संक्रमण के भारत में अब तक 536 मामलों की पुष्टि हो चुकी है, जिनमें से 11 लोगों की मौत हो चुकी है। कोरोनावायरस के बढ़ते मामलों के मद्देनजर पीएम नरेंद्र मोदी ने पूरे देश को 21 दिनों के लिए लॉकडाउन करने का फैसला किया है। देशवासियों के नाम अपने संबोधन में पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि कोरोना वायरस से फैल रहे संक्रमण की गंभीरता को समझने और घरों में रहने की अपील करते हुए मंगलवार आधी रात से अगले 21 दिन तक देश भर में संपूर्ण लॉकडाउन की घोषणा की है। इस फैसले को एक तरह से कर्फ्यू घोषित करते हुए उन्होंने आगाह किया कि कोरोना वायरस के संक्रमण चक्र को तोड़ने के लिये अगर इन 21 दिनों में नहीं संभले तो देश 21 साल पीछे चला जायेगा ।
उन्होंने कहा, "‘आज रात 12 बजे से पूरे देश में संपूर्ण लॉकडाउन होने जा रहा है।’’ उन्होंने कहा "हिंदुस्तान को बचाने के लिए, हिंदुस्तान के हर नागरिक को बचाने के लिए आज रात 12 बजे से घरों से बाहर निकलने पर पूरी तरह पाबंदी लगाई जा रही है।" मोदी ने कहा, ‘‘ देश के हर राज्य को, हर केंद्र शासित प्रदेश को, हर जिले, हर गांव, हर कस्बे, हर गली-मोहल्ले को अब लॉकडाउन किया जा रहा है।" उन्होंने कहा, यह एक तरह से कर्फ्यू ही है और जनता कर्फ्यू से थोड़ा ज्यादा सख्त है । उन्होंने कहा कि निश्चित तौर पर इस लॉकडाउन की एक आर्थिक कीमत देश को उठानी पड़ेगी। लेकिन, उन्होंने कहा, इस समय ‘‘एक-एक भारतीय के जीवन को बचाना मेरी, भारत सरकार की, देश की हर राज्य सरकार की और हर स्थानीय निकाय की सबसे बड़ी प्राथमिकता है।"
अपने संबोधन में पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि कोरोना के मरीजों के इलाज के लिए देश के स्वास्थ्य आधारभूत ढांचे को और मजबूत बनाने के लिए केंद्र सरकार ने आज 15 हजार करोड़ रुपए का प्रावधान किया है। उन्होंने कहा इस राशि से कोरोना से जुड़ी जांच की सुविधा, व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण, पृथक इकाई की व्यवस्था, आईसीयू बेड, वेंटिलेटर और अन्य जरूरी संसाधनों की संख्या तेजी से बढ़ाई जाएगी । मोदी ने कहा, ‘‘ मैंने राज्य सरकारों से अनुरोध किया है कि इस समय उनकी पहली प्राथमिकता, सिर्फ और सिर्फ स्वास्थ्य सेवाएं ही होनी चाहिए।"
519 में मामलों में 43 विदेशी
स्वास्थ्य मंत्रालय की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, कोरोना वायरस के संक्रमण के जिन 519 मामलों की पुष्टि हुई है उनमें से 476 भारतीय जबकि 43 विदेशी शामिल हैं। इनमें से एक विदेशी समेत 39 लोग स्वस्थ हो चुके हैं जबकि इस विश्वव्यापी महामारी ने भारत में अब तक नौ लोगों की जान ले ली है। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा मंगलवार की शाम 5.45 बजे के अपडेट के अनुसार, देश में इस समय कोविड-19 के सक्रिय मामले 470 हैं।
इनपुट- ians/भाषा