1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. एक्टिव कोरोना मामलों का आंकड़ा 4 लाख के पार पहुंचा, 28 हजार से ज्यादा लोगों की जा चुकी है जान

एक्टिव कोरोना मामलों का आंकड़ा 4 लाख के पार पहुंचा, 28 हजार से ज्यादा लोगों की जा चुकी है जान

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jul 21, 2020 09:23 am IST,  Updated : Jul 21, 2020 09:23 am IST

वैश्विक स्तर पर कोरोना वायरस के मामलों की बात करें तो दुनियाभर में कुल मामलों का आंकड़ा बढ़कर 1.48 करोड़ के पार पहुंच गया है, अबतक दुनियाभर में कोरोना वायरस की वजह से 6.13 लाख से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है।

Coronavirus testing in India reaches to above 143 thousand...- India TV Hindi
Coronavirus testing in India reaches to above 143 thousand till July 21st Image Source : AP

नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस का संक्रमण इस गति से आगे बढ़ रहा है कि अब एक्टिव मामले तेजी से बढ़ गए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक मंगलवार सुबह 8 बजे तक देशभर में कोरोना के कुल एक्टिव मामलों का आंकड़ा बढ़कर 402529 हो गया है। कोरोना वायरस के नए मामले अधिक संख्या में आने और ठीक होने वालों का आंकड़ा कम होने की वजह से कोरोना के एक्टिव मामलों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक पिछले 24 घंटे यानि सोमवार सुबह 8 बजे से लेकर मंगलवार सुबह 8 बजे तक देशभर में कोरोना वायरस के 37148 नए मामले दर्ज किए गए हैं जिस वजह से कुल कोरोना वायरस मामलों का आंकड़ा बढ़कर 1155191 तक पहुंच गया है। सोमवार को देशभर में कोरोना वायरस के रिकॉर्ड 40 हजार से ज्यादा मामले दर्ज किए गए थे।

कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण की वजह से देश में अब जान गंवाने वालों की संख्या भी बढ़ गई है। पिछले 24 घंटे के दौरान ही देशभर में कोरोना वायरस की वजह से 587 लोगों की जान गई है और देशभर में अबतक इस वायरस की वजह से कुल 28084 लोगों की मौत हो चुकी है। मौतों का बढ़ता आंकड़ा और भी चिंता का कारण बना हुआ है।

हालांकि देश में कोरोना वायरस से ठीक होने वाले लोगों की संख्या भी तेजी से बढ़ रही है। पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में कोरोना वायरस से 24491 लोग ठीक हुए हैं और अबतक इस वायरस से देश में 724577 लोग ठीक हो चुके हैं।   

देश में कोरोना मरीजों की पहचान के लिए लगातार टेस्टिंग हो रही है और दुनियाभर में अमेरिका तथा रूस के बाद भारत सबसे ज्यादा टेस्टिंग करने वाला देश है। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) के अनुसार सोमवार को देश में 3.33 लाख से ज्यादा कोरोना टेस्ट हुए हैं और अबतक देश में कुल 1.43 करोड़ से ज्यादा टेस्ट हो चुके हैं।

वैश्विक स्तर पर कोरोना वायरस के मामलों की बात करें तो दुनियाभर में कुल मामलों का आंकड़ा बढ़कर 1.48 करोड़ के पार पहुंच गया है, अबतक दुनियाभर में कोरोना वायरस की वजह से 6.13 लाख से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि पूरी दुनिया में 89.07 लाख से ज्यादा लोग कोरोना वायरस से ठीक भी हो चुके हैं। दुनियाभर में कोरोना वायरस के सबसे अधिक मामले अमेरिका में हैं जहां पर 39.61 लाख से ज्यादा केस सामने आ चुके हैं और 1.43 लाख से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है, इसके बाद ब्राजील में 21.21 लाख से ज्यादा केस सामने आए हैं और 80 हजार से ज्यादा की जान गई है। रूस में भी 7.77 लाख से ज्यादा केस सामने आ चुके हैं और 12 हजार से ज्यादा लोगों की जान गई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत