1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. 50 लाख के पार हुए देश के कुल कोरोना वायरस मामले, 82 हजार से ज्यादा की जा चुकी है जान

50 लाख के पार हुए देश के कुल कोरोना वायरस मामले, 82 हजार से ज्यादा की जा चुकी है जान

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Sep 16, 2020 09:27 am IST,  Updated : Sep 16, 2020 09:27 am IST

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक मंगलवार सुबह 8 बजे से लेकर बुधवार सुबह 8 बजे तक देशभर में कोरोना वायरस के 82961 नए मामले देखने को मिले हैं और इन नए मामलों के साथ अब देश में कुल कोरोना मामलों का आंकड़ा बढ़कर 50,20,359 हो गया है।

Coronavirus cases in India surpasses 5 millions- India TV Hindi
Coronavirus cases in India surpasses 5 millions Image Source : PTI

नई दिल्ली। भारत में कोरोना वायरस लगातार फैलता ही जा रहा है और रोजाना देश में कोरोना वायरस के आने वाले नए मामले दुनियाभर में सबसे ज्यादा हैं। हालात ऐसे हो गए हैं कि अब देश में कोरोना वायरस के कुल मामलों का आंकड़ा बढ़कर 50 लाख के पार हो गया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक मंगलवार सुबह 8 बजे से लेकर बुधवार सुबह 8 बजे तक देशभर में कोरोना वायरस के 82961 नए मामले देखने को मिले हैं और इन नए मामलों के साथ अब देश में कुल कोरोना मामलों का आंकड़ा बढ़कर 50,20,359 हो गया है। दुनियाभर में एक दिन के अंदर कोरोना वायरस के जितने मामले भारत में आ रहे हैं उतने मामले दुनिया के किसी दूसरे देश में नहीं आ रहे।  

कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के साथ देश में कोरोना की वजह से जान गंवाने वालों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक 24 घंटों में 1290 लोगों ने देशभर में कोरोना की वजह से जान गंवाई है। कोरोना वायरस अबतक देश में 82066 लोगों की मौत का कारण बन चुका है। पूरे देश में रोजाना 1000 से ज्यादा लोग इसकी वजह से अपनी जान गंवा रहे हैं।

कोरोना की वजह से हुई मौतों और लगातार बढ़ते मामलों के बीच कुछ राहत की बात ये है कि इस जानलेवा वायरस से ठीक होने वालों की संख्या भी बढ़ रही है लेकिन जिस रफ्तार से नए मामले सामने आ रहे हैं उस रफ्तार से लोग ठीक नहीं हो रहे हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में 82961 लोग कोरोना से ठीक हुए हैं। अबतक कुल 39,42,360 लोग कोरोना से ठीक हो चुके हैं और देश में कोरोना वायरस से रिकवरी की दर 78.52 प्रतिशत है।

कोरोना मरीजों की पहचान के लिए देशभर में टेस्टिंग लगातार बढ़ाई जा रही है, मंगलवार को देशभर में 11.16 लाख से ज्यादा कोरोना टेस्ट हुए हैं और कुल कोरोना वायरस टेस्टिंग का आंकड़ा अब बढ़कर 5.94 करोड़ को पार कर चुका है। दुनियाभर में अमेरिका के बाद भारत में ही सबसे ज्यादा कोरोना टेस्ट हो रहे हैं।    

वैश्विक स्तर पर कोरोना वायरस के मामलों की बात करें तो दुनियाभर में कुल मामलों का आंकड़ा बढ़कर 2.97 करोड़ के पार पहुंच गया है, अबतक दुनियाभर में कोरोना वायरस की वजह से 9.39 लाख से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि पूरी दुनिया में 2.15 करोड़ से ज्यादा लोग कोरोना वायरस से ठीक भी हो चुके हैं। दुनियाभर में कोरोना वायरस के सबसे अधिक मामले अमेरिका में हैं जहां पर 67.88 लाख से ज्यादा केस सामने आ चुके हैं और 2 लाख से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। इसके बाद भारत का स्थान है और भारत के बाद तीसरे नंबर पर ब्राजील है जहां पर 43.84 लाख मामले सामने आए हैं और 1.33 लाख से ज्यादा लोगों की जान गई है। रूस में भी 10.73 लाख से ज्यादा केस सामने आ चुके हैं और 18 हजार से ज्यादा लोगों की जान गई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत