1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. कोरोना वायरस की वजह से 24 घंटे में 1129 की गई जान, रिकॉर्ड 45750 नए केस

कोरोना वायरस की वजह से 24 घंटे में 1129 की गई जान, रिकॉर्ड 45750 नए केस

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jul 23, 2020 09:38 am IST,  Updated : Jul 23, 2020 09:38 am IST

हालांकि कोरोना वायरस को हराकर ठीक होने वालों की संख्या भी तेजी से बढ़ने लगी है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक पिछले 24 घंटे के दौरान देशभर में कोरोना वायरस से 29557 लोग पूरी तरह ठीक हो चुके हैं।

Coronavirus testing in India surpasses 15 millions on July...- India TV Hindi
Coronavirus testing in India surpasses 15 millions on July 22nd Image Source : PTI FILE PHOTO

नई दिल्ली। कोरोना वायरस का संक्रमण जिस गति से फैल रहा है उसी गति से अब यह लोगों की मौत का कारण भी बन रहा है। पिछले 24 घंटे के दौरान देशभर में कोरोना वायरस के रिकॉर्ड नए मामले दर्ज किए गए हैं और साथ में वायरस की वजह से जान गंवाने वालों की संख्या भी तेजी से बढ़ी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटे यानि बुधवार सुबह 8 बजे से लेकर गुरुवार सुबह 8 बजे तक देशभर में कोरोना वायरस के 45750 नए मामले आए हैं जो एक दिन में आए सबसे अधिक केस हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों को देखें तो पिछले 24 घंटे के दौरान देशभर में कोरोना वायरस की वजह से 1129 लोगों की जान गई है। एक दिन में इतनी ज्यादा मौतें सामने आने से वह भ्रम टूट गया है कि भारत में इस वायरस की वजह से कम लोगों की मौत हो रही है। अबतक कोरोना वायरस की वजह से देशभर में 29861 लोगों की जान जा चुकी है और मौतों का आंकड़ा लगातार बढ़ता ही जा रहा है।

हालांकि कोरोना वायरस को हराकर ठीक होने वालों की संख्या भी तेजी से बढ़ने लगी है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक पिछले 24 घंटे के दौरान देशभर में कोरोना वायरस से 29557 लोग पूरी तरह ठीक हो चुके हैं। अबतक इस वायरस की चपेट में आए कुल 1238635 मामलों में 782606 लोग ऐसे हैं जो पूरी तरह ठीक हो चुके हैं। देश में कोरोना के एक्टिव मामलों की संख्या 426167 है।

देश में कोरोना मरीजों की पहचान के लिए लगातार टेस्टिंग हो रही है और दुनियाभर में अमेरिका तथा रूस के बाद भारत सबसे ज्यादा टेस्टिंग करने वाला देश है। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) के अनुसार बुधवार को देश में 3.50 लाख से ज्यादा कोरोना टेस्ट हुए हैं और अबतक देश में कुल 1.50 करोड़ से ज्यादा टेस्ट हो चुके हैं।

वैश्विक स्तर पर कोरोना वायरस के मामलों की बात करें तो दुनियाभर में कुल मामलों का आंकड़ा बढ़कर 1.53 करोड़ के पार पहुंच गया है, अबतक दुनियाभर में कोरोना वायरस की वजह से 6.30 लाख से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि पूरी दुनिया में 93.49 लाख से ज्यादा लोग कोरोना वायरस से ठीक भी हो चुके हैं। दुनियाभर में कोरोना वायरस के सबसे अधिक मामले अमेरिका में हैं जहां पर 41 लाख से ज्यादा केस सामने आ चुके हैं और 1.46 लाख से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है, इसके बाद ब्राजील में 22.31 लाख से ज्यादा केस सामने आए हैं और 82 हजार से ज्यादा की जान गई है। रूस में भी 7.89 लाख से ज्यादा केस सामने आ चुके हैं और 12 हजार से ज्यादा लोगों की जान गई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत