1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. 24 घंटे में कोरोना के आए 48,916 नए मामले- 757 की गई जान, रोजाना टेस्टिंग पहुंची 4 लाख के पार

24 घंटे में कोरोना के आए 48,916 नए मामले- 757 की गई जान, रोजाना टेस्टिंग पहुंची 4 लाख के पार

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jul 25, 2020 09:48 am IST,  Updated : Jul 25, 2020 09:48 am IST

भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) के अनुसार शुक्रवार को देश में 4.20 लाख से ज्यादा कोरोना टेस्ट हुए हैं और अबतक देश में कुल 1.58 करोड़ से ज्यादा टेस्ट हो चुके हैं।

Coronavirus Cases in India surpasses 13 lakh mark- India TV Hindi
Coronavirus Cases in India surpasses 13 lakh mark Image Source : PTI

नई दिल्ली। कोरोना वायरस का संक्रमण देश में फैलता ही जा रहा है और कंट्रोल से बाहर दिख रहा है। पिछले 24 घंटे के दौरान देश में कोरोना वायरस मामलों में एक बार फिर से जोरदार बढ़ोतरी देखने को मिली है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक शुक्रवार सुबह 8 बजे से लेकर शनिवार सुबह 8 बजे तक देशभर में कोरोना वायरस के कुल मिलाकर 48916 नए केस आए हैं। इन नए मामलों के साथ अब देश में कुल कोरोना वायरस मामलों का आंकड़ा बढ़कर 1287945 हो गया है।

कोरोना के संक्रमण की वजह से देशभर में लोगों की जान जा रही है और मौतों का आंकड़ा भी बढ़ा है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक 24 घंटे के दौरान देशभर में कोरोना वायरस की वजह से 757 लोगों की जान गई है और अबतक यह वायरस देश में कुल मिलाकर 31358 लोगों की मौत का कारण बन चुका है।

देश में कोरोना के नए मामले आने का रिकॉर्ड बनने के साथ राहत की बात ये है कि अब ठीक होने वाले लोगों की संख्या भी तेजी से बढ़ रही है। पिछले 24 घंटे के दौरान देशभर में कोरोना वायरस से 32223 लोग पूरी तरह ठीक हुए हैं। किसी एक दिन में ठीक हुए लोगों का यह सबसे बड़ा आंकड़ा है और अबतक देशभर में कुल मिलाकर 849431 लोग कोरोना वायरस से पूरी तरह ठीक हो चुके हैं। देश में कोरोना वायरस का रिकवरी रेट 63.53 प्रतिशत हो गया है। देश में अब कोरोना के कुल एक्टिव मामले 456071 हैं।

देश में कोरोना मरीजों की पहचान के लिए रिकॉर्डतोड़ टेस्टिंग हो रही है और दुनियाभर में अमेरिका तथा रूस के बाद भारत सबसे ज्यादा टेस्टिंग करने वाला देश है। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) के अनुसार शुक्रवार को देश में 4.20 लाख से ज्यादा कोरोना टेस्ट हुए हैं और अबतक देश में कुल 1.58 करोड़ से ज्यादा टेस्ट हो चुके हैं।

वैश्विक स्तर पर कोरोना वायरस के मामलों की बात करें तो दुनियाभर में कुल मामलों का आंकड़ा बढ़कर 1.59 करोड़ के पार पहुंच गया है, अबतक दुनियाभर में कोरोना वायरस की वजह से 6.42 लाख से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि पूरी दुनिया में 97.24 लाख से ज्यादा लोग कोरोना वायरस से ठीक भी हो चुके हैं। दुनियाभर में कोरोना वायरस के सबसे अधिक मामले अमेरिका में हैं जहां पर 42.28 लाख से ज्यादा केस सामने आ चुके हैं और 1.48 लाख से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है, इसके बाद ब्राजील में 23.48 लाख से ज्यादा केस सामने आए हैं और 85 हजार से ज्यादा की जान गई है। रूस में भी 8 लाख से ज्यादा केस सामने आ चुके हैं और 13 हजार से ज्यादा लोगों की जान गई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत