1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. कोरोना: छूट मिलते ही दूध की दुकानों पर टूट पड़े लोग, हिदायतों की खुलेआम अनदेखी

कोरोना: छूट मिलते ही दूध की दुकानों पर टूट पड़े लोग, हिदायतों की खुलेआम अनदेखी

 Reported By: Bhasha
 Published : Mar 30, 2020 09:25 pm IST,  Updated : Mar 30, 2020 09:25 pm IST

कोरोना वायरस के प्रकोप के मद्देनजर यहां लगाए गए कर्फ्यू में थोड़ी-सी छूट मिलते ही सोमवार शाम अधिकांश इलाकों में बड़ी तादाद में लोग दूध की दुकानों पर जमा हो गए।

Representational pic- India TV Hindi
Representational pic

इंदौर (मध्यप्रदेश): कोरोना वायरस के प्रकोप के मद्देनजर यहां लगाए गए कर्फ्यू में थोड़ी-सी छूट मिलते ही सोमवार शाम अधिकांश इलाकों में बड़ी तादाद में लोग दूध की दुकानों पर जमा हो गए। इस दौरान उन्हें सामाजिक दूरी बनाने को लेकर सरकार द्वारा लगातार दी जा रही हिदायतों की खुलेआम अनदेखी करते देखा गया। इन अनियंत्रित जमावड़ों के दृश्यों के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।

बहरहाल, शहर में दूध की कई दुकानों के बाहर पुलिस तैनात रही और उन्हें ग्राहकों को दूर-दूर खड़े होकर व्यवस्थित कतार लगाते देखा गया। ये कतारें लम्बी थीं और ग्राहकों को दूध पाने के लिए खासा इंतजार करना पड़ा। अधिकारियों ने बताया कि जिला प्रशासन ने कोरोना वायरस संक्रमण रोकने के लिए सख्त कदम उठाते हुए सोमवार को दूध और फल-सब्जियों की दुकानें पूरी तरह बंद रखे जाने का आदेश दिया था। हालांकि, लोगों को हुई परेशानियों को देखते हुए सोमवार शाम पांच से सात बजे के बीच केवल दूध की दुकानें खोले जाने की ढील दी गई।

दूध की दुकानों पर भारी भीड़ जुटने से सबक लेते हुए प्रशासन ने अब तय किया है कि कर्फ्यू के दौरान शहर के किसी भी व्यक्ति को अपने घर से बाहर जाकर दूध लाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि प्रशासन के ताजा आदेश के मुताबिक दूध विक्रेता मंगलवार से सुबह आठ बजे से 10 बजे तक ग्राहकों के घर-घर जाकर दूध की आपूर्ति करेंगे। इंदौर, राज्य में कोरोना वायरस के प्रकोप से सबसे ज्यादा प्रभावित शहर है। कोरोना वायरस संक्रमण के मरीज सामने आने के बाद प्रशासन ने 25 मार्च से शहरी सीमा में लॉकडाउन की जगह कर्फ्यू लागू कर दिया था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत