1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. देश में कोविड-19 के 12,286 नए मामले सामने आए, 91 और लोगों की मौत

देश में कोविड-19 के 12,286 नए मामले सामने आए, 91 और लोगों की मौत

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Mar 02, 2021 01:03 pm IST,  Updated : Mar 02, 2021 01:03 pm IST

देश में एक दिन में कोविड-19 के 12,286 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 1,11,24,527 हो गई।

देश में कोविड-19 के 12,286 नए मामले सामने आए, 91 और लोगों की मौत - India TV Hindi
देश में कोविड-19 के 12,286 नए मामले सामने आए, 91 और लोगों की मौत  Image Source : PTI

नयी दिल्ली: भारत में एक दिन में कोविड-19 के 12,286 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 1,11,24,527 हो गई। इनमें से 1,07,98,921 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से मंगलवार सुबह आठ बजे जारी किए गए अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, वायरस से 91 और मरीजों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 1,57,248 हो गई। आंकड़ों के अनुसार, कुल 1,07,98,921 लोगों के संक्रमण मुक्त होने के साथ ही देश में मरीजों के ठीक होने की दर बढ़कर 97.07 प्रतिशत पर पहुंच गई है। 

पढ़ें:-भारत ने 40 देशों को कोरोना का टीका उपलब्ध कराया, 34 देश हैं कतार में: एस जयशंकर

वहीं, कोविड-19 से मृत्यु दर में गिरावट दर्ज की गई और अब वह 1.41 प्रतिशत है। देश में अभी कुल 1,68,358 लोगों का कोरोना वायरस संक्रमण का इलाज चल रहा है, जो कुल मामलों का 1.51 प्रतिशत है। देश में पिछले साल सात अगस्त में संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख और पांच सितम्बर को 40 लाख से अधिक हो गई थी। वहीं, संक्रमण के कुल मामले 16 सितम्बर को 50 लाख, 28 सितम्बर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख और 20 नवम्बर को 90 लाख और 19 दिसम्बर को एक करोड़ के पार चले गए थे। 

पढ़ें:- राहत: दिल्ली से गाजियाबाद जानेवाले रास्ते को खोला गया, 26 जनवरी हिंसा के बाद से बंद थी सड़क

भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के अनुसार, देश में एक मार्च तक 21,76,18,057 नमूनों की कोविड-19 संबंधी जांच की जा चुकी है। इनमें से 7,59,283 नमूनों की जांच सोमवार को की गई थी। आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटे में जिन 91 लोगों की संक्रमण से मौत हुई, उनमें से महाराष्ट्र के 30, पंजाब के 18 और केरल के 13 लोग थे।

मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, देश में वायरस से अभी तक कुल 1,57,248 लोगों की मौत हुई है, जिनमें से महाराष्ट्र के 52,184 , तमिलनाडु के 12,501, कर्नाटक के 12,336, दिल्ली के 10,911, पश्चिम बंगाल के 10,268, उत्तर प्रदेश के 8,727 और आंध्र प्रदेश के 7,169 लोग थे। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि अभी तक जिन लोगों की मौत हुई, उनमें से 70 प्रतिशत से ज्यादा मरीजों को अन्य बीमारियां भी थीं। मंत्रालय ने अपनी वेबसाइट पर बताया कि उसके आंकड़ों का आईसीएमआर के आंकड़ों के साथ मिलान किया जा रहा है। 

इनपुट-भाषा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत