1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. राजस्थान: हिंडौन में कर्फ्यू के बाद 1,000 उपद्रवी गिरफ्तार, 175 मामले दर्ज

राजस्थान: हिंडौन में कर्फ्यू के बाद 1,000 उपद्रवी गिरफ्तार, 175 मामले दर्ज

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Apr 04, 2018 07:53 am IST,  Updated : Apr 04, 2018 07:59 am IST

उग्र भीड़ द्वारा वर्तमान भाजपा विधायक और एक पूर्व विधायक के घरों में आग लगाने और अन्य स्थानों पर आगजनी एवं पत्थरबाजी की घटना के बाद कर्फ्यू लगा दिया गया।

डॉ आंबेडकर के चित्र के...- India TV Hindi
डॉ आंबेडकर के चित्र के साथ प्रर्दशन करते दलित प्रदर्शनकारी। Image Source : PTI

जयपुर: एससी एसटी एक्ट पर पूरे देश में चल रहे विरोध प्रदर्शन में ताजा हिंसा का मामला मंगलवार को राजस्थान के करौली जिले के हिंडौन कस्बे में देखने को मिला। जहां उन्मादी भीड़ ने हजारों की संख्या में जमकर उत्पात मचाया। 5,000 लोगों की उग्र भीड़ द्वारा वर्तमान भाजपा विधायक और एक पूर्व विधायक के घरों में आग लगाने और अन्य स्थानों पर आगजनी एवं पत्थरबाजी की घटना के बाद कर्फ्यू लगा दिया गया। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि बंद के दौरान कल और आज की हिंसक घटनाओं में शामिल करीब 1,000 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। असामाजिक तत्वों के खिलाफ 175 मामले दर्ज किये गये हैं।  राजस्थान के गृहमंत्री गुलाब चंद कटारिया ने कहा कि प्रदेश में कल दलित प्रदर्शनकारियों द्वारा किये गये नुकसान के बाद आज प्रदेश के कुछ हिस्सों में अन्य जाति के लोग प्रदर्शन कर रहें है। अलवर में एक व्यक्ति की मौत के बाद लोग विभिन्न मांगों को लेकर धरने पर बैठ गये। 

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) एन आर के रेड्डी ने बताया कि कल दलितों के प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसक घटनाओं के बाद हिंडोन सिटी में आज व्यापार मंडल और अन्य जाति के लोगों ने अनुसूचित जाति अनुसूचित जनजाति बाहुल्य क्षेत्र में जूलुस निकाला। उन्होंने कहा कि भीड़ को काबू में करने के लिये पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोडे़, लाठीचार्ज और रबड़ की गोलियां चलायीं। रेड्डी ने बताया कि बंद के दौरान आज और कल प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर हुई हिंसक घटनाओं में करीब 170 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। हिंडौन कस्बे को छोड़कर सभी जगह स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और शांतिपूर्ण है। सात-आठ स्थानों पर निषेधाज्ञा जारी है। हिंसक घटनाओं में शामिल 1,000 उपद्रवियों को गिरफ्तार किया गया है और 175 मामले दर्ज किये गये हैं। 

करौली जिला कलेक्टर अभिमन्यु कुमार ने को बताया कि लगभग 5,000 लोगों की उग्र भीड़ ने वर्तमान भाजपा विधायक राजकुमारी जाटव और कांग्रेस के पूर्व विधायक भरोसी लाल जाटव के घर में आग लगा दी। कस्बे में अन्य स्थानों पर आगजनी और पत्थरबाजी की घटनाओं को नियंत्रित करने के लिये कस्बे में कर्फ्यू लगा दिया गया। उन्होंने बताया कि आज कस्बे में पत्थरबाजी और आगजनी की घटनाओं के बाद सुबह से स्थिति तनावपूर्ण थी। विधायक और पूर्व विधायक के घर में आगजनी की घटना के बाद कल सुबह तक के लिये कस्बे में कर्फ्यू लगा दिया गया। करौली पुलिस अधीक्षक अनिल कायल ने बताया कि आगजनी और पत्थरबाजी की घटना के बाद लगभग 40 लोगों को हिरासत में लिया गया है।  गंगापुर सिटी में हिसंक घटनाओं के बाद बिगड़ी कानून व्यवस्था को नियंत्रित करने के लिये कल रात से आज सुबह आठ बजे तक के लिये कर्फ्यू लगाया गया था। 

सवाईमाधोपुर जिला कलेक्टर के सी वर्मा ने बताया कि गंगापुर सिटी में अब स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और यहां निषेधाज्ञा जारी है। उन्होंने बताया कि कर्फ्यू आज सुबह हटा लिया गया। रेड्डी ने बताया कि संपत्ति को हुए नुकसान और क्षतिग्रस्त वाहनों की संख्या का आकलन किया जा रहा है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत