1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Good News: कोरोना से बड़ी राहत, दैनिक मामले 4 महीने में सबसे कम, सिर्फ 5.26% बचे हैं एक्टिव केस

Good News: कोरोना से बड़ी राहत, दैनिक मामले 4 महीने में सबसे कम, सिर्फ 5.26% बचे हैं एक्टिव केस

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Nov 16, 2020 09:25 am IST,  Updated : Nov 16, 2020 09:25 am IST

देश में सिर्फ कोरोना वायरस के नए मामले ही नहीं घटे हैं बल्कि कोरोना से ठीक होने वाले लोगों की संख्या भी तेजी से बढ़ रही है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान देश में 43851 लोग कोरोना से ठीक हुए हैं और अबतक देशभर में कोरोना वायरस से 82,49,579 लोग पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं

देश में कोरोना वायरस...- India TV Hindi
देश में कोरोना वायरस के अबतक जितने मामले सामने आए हैं उनमें 82 लाख से ज्यादा लोग ठीक हो चुके हैं Image Source : PTI

नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस के रोजाना आने वाले मामलों को लेकर राहत भरी खबर है, पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में कोरोना के जितने केस सामने आए हैं वे 4 महीने में आए सबसे कम दैनिक केस हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक पीछले 24 घंटे यानि रविवार सुबह 8 बजे से लेकर सोमवार सुबह 8 बजे तक देशभर में कोरोना वायरस के सिर्फ 30548 नए मामले दर्ज किए गए हैं जो 15 जुलाई के बाद सबसे कम दैनिक केस हैं।

देश में सिर्फ कोरोना वायरस के नए मामले ही नहीं घटे हैं बल्कि कोरोना से ठीक होने वाले लोगों की संख्या भी तेजी से बढ़ रही है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान देश में 43851 लोग कोरोना से ठीक हुए हैं और अबतक देशभर में कोरोना वायरस से 82,49,579 लोग पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक देश में कोरोना वायरस से रिकवरी की दर अब 93.26 प्रतिशत हो गई है।

कोरोना के नए मामलों में कमी और कोरोना से ठीक होने वाले लोगों की संख्या बढ़ने की वजह से अब देश में कोरोना के एक्टिव मामले और भी कम हो गए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान देश में कोरोना के एक्टिव मामलों में 13738 की कमी आई है और अब देश में कुल 465478 कोरोना एक्टिव मामले हैं जो कुल कोरोना मामलों का सिर्फ 5.26 प्रतिशत है।  

कोरोना की वजह से जान गंवाने वालों की बात करें तो स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक 24 घंटों के दौरान देशभर में कोरोना की वजह से 435 लोगों की जान गई है। देशभर में अबतक यह जानलेवा वायरस कुल 130070 लोगों की जान ले चुका है। देश में कोरोना वायरस की मृत्यु दर 1.47  प्रतिशत है।  

कोरोना मरीजों की पहचान के लिए सरकार की तरफ से टेस्टिंग को लगातार बढ़ाया जा रहा है। देशभर में रोजाना भारी संख्या में कोरोना टेस्ट हो रहे हैं। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) के अनुसार रविवार को देशभर में 8.61 लाख से ज्यादा कोरोना टेस्ट हुए हैं और देश में कुल टेस्टिंग का आंकड़ा 12.56 करोड़ को पार कर गया है।

वैश्विक स्तर पर कोरोना वायरस के मामलों की बात करें तो दुनियाभर में कुल मामलों का आंकड़ा बढ़कर 5.48 करोड़ के पार पहुंच गया है, अबतक दुनियाभर में कोरोना वायरस की वजह से 13.24 लाख से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि पूरी दुनिया में 3.81 करोड़ से ज्यादा लोग कोरोना वायरस से ठीक भी हो चुके हैं। दुनियाभर में कोरोना वायरस के सबसे अधिक मामले अमेरिका में हैं जहां पर 1.13 करोड़ से ज्यादा केस सामने आ चुके हैं और 2.51 लाख से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। इसके बाद भारत का स्थान है और भारत के बाद तीसरे नंबर पर ब्राजील है जहां पर 58.63 लाख मामले सामने आए हैं और 1.65 लाख से ज्यादा लोगों की जान गई है। चौथे नंबर पर फ्रांस है जहां पर 19.81 लाख मामले हैं और उनमें 17 लाख से ज्यादा एक्टिव केस हैं। रूस में भी 19.25 लाख मामले दर्ज किया जा चुके हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत