इंदौर: मशहूर ज्योतिषी बेजान दारूवाला ने दावा किया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपना हाथ दिखाया था। यह दावा दारूवाला ने इंदौर में संवाददाताओं से चर्चा के दौरान किया। अपने दावे के समर्थन में उन्होंने एक पुरानी फोटो भी दिखाई जिसमें वह पीएम मोदी का हाथ देखते नजर आ रहे हैं।
मध्य प्रदेश की व्यापारिक नगरी इंदौर में एक निजी कार्यक्रम में हिस्सा लेने आए दारूवाला ने शनिवार की रात को संवाददाताओं से चर्चा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ताकतवर हैं, मगर उनकी पार्टी कमजोर है, जिससे आने वाले समय में मोदी को परेशानी हो सकती है।
बातचीत के दौरान दारूवाला ने दावा किया कि उन्होंने मोदी का हाथ देखा है, उनके हाथ में लकीरें नहीं हैं, मगर पर्वत है। यही पर्वत मोदी को ताकतवर बनाती है। उन्होंने देश के दो पूर्व प्रधानमंत्रियों की तुलना में मोदी की शख्सियत को ज्यादा प्रभावकारी बताया। उन्होंने कहा कि मोदी का विकास का मुद्दा सुपर-डुपर हिट रहेगा और वह उन्हें उंचाई पर ले जाएगा।
गौरतलब है कि पीएम मोदी ने बिहार में चुनावी रैली के दौरान नीतीश कुमार के एक तांत्रिक के साथ वीडियो सामने आने के बाद उनपर निशाना साधा था। इसके अलावा लालू को खुद को सबसे बड़ा तांत्रिक बताने वाले बयान पर भी मोदी अपनी चुनावी सभाओं में चुटकी लेते रहे हैं।