चेन्नई: तमिलनाडु में बारिश से जुड़ी हुई घटनाओं में मरने वालों की संख्या बढ़कर 120 हो गई है। इस बीच शहर में रात भर बारिश हुई है जिससे और बाढ़ आने की आशंका बढ़ गई है। बहरहाल, बारिश से प्रभावित शहर के निवासियों को सुबह में धूप निकलने से राहत मिली। मौसम कार्यालय ने 21 नवंबर को बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है।
एक बयान में, मुख्यमंत्री जे जयललिता ने कहा है कि पिछले चार दिनों में नौ लोगों की मौत हो गई है। ये पीडि़त मुख्यरूप से चेन्नई और कांचीपुरम जिलों के रहने वाले थे। मुख्यमंत्री ने उनके परिवार वालों के प्रति सहानुभूति जताई। उन्होंने सभी पीडि़तों के परिवारों को चार-चार लाख रुपया देने की घोषणा की है। इस बीच, क्षेत्रीय मौसम कार्यालय ने तटीय और आंतरिक जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान बारिश होने का अनुमान व्यक्त किया है।
क्षेत्रीय मौसम विभाग के निदेशक एस आर रमनन ने संवाददाताओं को बताया कि पश्चिमी घाटों से लगे थेनी और निलगिरि जैसे जिलों में विशेषकर बारिश होने की संभावना है। शुक्रवार सुबह आठ बजकर 30 मिनट पर समाप्त हुए 24 घंटों के दौरान नीलगीरि के विभिन्न स्थानों पर अच्छी बारिश हुई है। जिले के केट्टी और कोनूर में क्रमश: 12 और 11 सेन्टीमीटर बारिश दर्ज की गई है।
भारी वाहन कारखाना वाले अवडी (तिरूवल्लोर) में 12 सेन्टीमीटर जबकि इसी जिले के पोंडी और पोन्नामनल्ले में 10-10 सेन्टीमीटर बारिश हुई है।