नई दिल्ली: दक्षिण दिल्ली के महरौली इलाके में कई अफ्रीकी नागरिकों पर हमले के सिलसिले में आज दो लोगों को गिरफ्तार किया गया और तीन अन्य को हिरासत में ले लिया गया। पुलिस ने मामले में अपनी जांच तेज कर दी है।
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) ईश्वर सिंह ने कहा, हमने दक्षिण दिल्ली से दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया और तीन अन्य को हिरासत में लिया है। पुलिस ने गुरूवार की रात को महरौली इलाके में घटी घटना के सिलसिले में तीन अलग अलग मामले दर्ज किये हैं।
घटनाओं में कम से कम छह अफ्रीकी नागरिक चोटिल हो गये। पुलिस ने दोनों घटनाओं के लिए अफ्रीकी नागरिकों द्वारा तेज आवाज में संगीत बजाने और दूसरे में सार्वजनिक रूप से शराब पीने पर स्थानीय लोगों के ऐतराज की वजह बताई। इससे पहले दक्षिण दिल्ली के वसंत कुंज इलाके में पिछले हफ्ते कांगो के 23 साल के एम के ओलिवर की हत्या कर दी गयी थी।