नई दिल्ली: एडिटर्स गिल्ड ने मतदान के पांचवें चरण के दौरान पश्चिम बंगाल में पत्रकारों पर हमले की कई घटनाओं की निंदा की है और चुनाव आयोग से इन कृत्यों में लिप्त रहने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा है। गिल्ड ने एक बयान में कहा कि पत्रकारों पर हमले की घटना निंदनीय है। खासकर, चुनाव के दौरान इस तरह की घटनाएं मीडिया की आजादी को बाधित करने का प्रयास है।
Related Stories
एडिटर्स गिल्ड ने कहा कि वह मतदान के पांचवें चरण के दौरान छह मई को पश्चिम बंगाल में पत्रकारों पर हमले की कई घटनाओं की निंदा करता है। बयान में कहा गया कि विभिन्न मीडिया संगठनों से जुड़े पत्रकारों पर कथित तौर पर तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने हमले किए हैं।
बयान में कहा गया कि गिल्ड ने चुनाव आयोग (EC) को पत्रकारों के खिलाफ हिंसा की घटना में लिप्त लोगों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई शुरू करने का अनुरोध किया है। गिल्ड ने पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस सरकार को राज्य में कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है ताकि राजनीतिक दल पत्रकारों पर हमले नहीं कर पाएं और वे सुरक्षित तरीके से अपना काम कर सकें।