1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. अगस्‍तावेस्‍टलैंड केस में बड़ी सफलता, ईडी ने आरोपी गौतम खेतान को किया गिरफ्तार

अगस्‍तावेस्‍टलैंड केस में बड़ी सफलता, ईडी ने आरोपी गौतम खेतान को किया गिरफ्तार

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jan 26, 2019 12:46 pm IST,  Updated : Jan 26, 2019 01:39 pm IST

वीवीआईपी हेलिकॉप्टर अगस्तावेस्टलेंड खरीद घोटाले से जुड़े मामले में आज बड़ी सफलता मिली है। प्रवर्तन निदेशालय ने शनिवार को इस मामले आरोपी गौतम खेतान को गिरफ्तार कर लिया है।

Agusta Westland - India TV Hindi
Agusta Westland 

वीवीआईपी हेलिकॉप्‍टर अगस्‍तावेस्‍टलेंड खरीद घोटाले से जुड़े मामले में आज बड़ी सफलता मिली है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने काला धन रखने और धनशोधन के एक नये मामले के सिलसिले में अगस्ता वेस्टलैंड वीवीआईपी हेलिकॉप्टर मामले के आरोपी गौतम खेतान को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि एजेंसी ने धन शोधन निरोधक अधिनियम (पीएमएलए) के तहत शुक्रवार की रात खेतान को गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि उसे शनिवार को यहां एक अदालत में पेश किया जायेगा। 

सूत्रों ने बताया कि आयकर विभाग द्वारा काला धन (अघोषित विदेशी आय और संपत्ति) एवं कराधान अधिनियम 2015 की धारा 51 के तहत उसके खिलाफ एक मामला दर्ज किए जाने के आधार पर ईडी ने पीएमएलए के तहत एक नया आपराधिक मामला दर्ज किया है। उन्होंने बताया कि खेतान पर आरोप लगाया गया है कि वह अवैध रूप से कई विदेशी खातों का संचालन कर रहा हैं और इस तरह से उसके पास काला धन और संपत्ति है। ऐसा माना जा रहा है कि अगस्ता वेस्टलैंड के साथ वीवीआईपी हेलिकॉप्टर सौदे में कथित बिचौलिये क्रिश्चियन मिशेल से पूछताछ के बाद जांच एजेंसियों को खेतान के खिलाफ नया सुराग मिला है।

मिशेल को गत दिसम्बर में दुबई से प्रत्यर्पित करके भारत लाया गया था। आयकर विभाग ने पिछले सप्ताह काला धन निरोधक कानून के तहत इस नये मामले में खेतान के खिलाफ छापेमारी की थी। ईडी और सीबीआई ने 3,600 करोड़ रुपये के अगस्ता वेस्टलैंड मामले में अपनी जांच के सिलसिले में कुछ वर्ष पहले खेतान को गिरफ्तार किया था। उन्होंने बताया कि दोनों एजेंसियों ने उसके खिलाफ एक आरोपपत्र भी दायर किया था और वह इस समय जमानत पर है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत