1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. भारत में कोरोना वैक्सीन बनाने वाली कंपनियों में जाएंगे 80 देशों के दूत, देखें पूरी जानकारी

भारत में कोरोना वैक्सीन बनाने वाली कंपनियों में जाएंगे 80 देशों के दूत, देखें पूरी जानकारी

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Dec 04, 2020 07:14 pm IST,  Updated : Dec 04, 2020 07:14 pm IST

करीब 80 देशों के राजदूत और उच्चायुक्त कोविड-19 टीके पर काम कर रही कंपनियों भारत बायोटेक और बीई लिमिटेड का दौरा करने के लिए नौ दिसंबर को यहां आयेंगे।

भारत में कोरोना वैक्सीन बनाने वाली कंपनियों में जाएंगे 80 देशों के दूत, देखें पूरी जानकारी- India TV Hindi
भारत में कोरोना वैक्सीन बनाने वाली कंपनियों में जाएंगे 80 देशों के दूत, देखें पूरी जानकारी Image Source : AP

हैदराबाद: करीब 80 देशों के राजदूत और उच्चायुक्त कोविड-19 टीके पर काम कर रही कंपनियों भारत बायोटेक और बीई लिमिटेड का दौरा करने के लिए नौ दिसंबर को यहां आयेंगे। यहां जारी एक सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार शुक्रवार को मुख्य सचिव (तेलंगाना) सोमेश कुमार ने इस उच्च स्तरीय यात्रा के सिलसिले में प्रोटोकॉल प्रमुख नागेश सिंह एवं राज्य के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की और किये जाने वाले इंतजामों के बारे में चर्चा की। 

विज्ञप्ति में कहा गया है, ‘‘मुख्य सचिव ने बताया कि ये गणमान्य लोग भारत बायोटेक और बायोलोजिकल ई लिमिटेड आयेंगे जो देश में कोविड-19 टीके पर काम कर रही हैं।’’ विज्ञप्ति में कहा गया है, ‘‘ उन्होंने अधिकरियों से उनकी यात्राओं के दौरान कोविड-19 के नियमों का पालन करते हुए अभेद्य इंतजाम करने को कहा है।’’ 

विज्ञप्ति के अनुसार मुख्य सचिव ने कहा कि विभिन्न सुविधाओं से लैस पांच बस और एक विशेष मेडिकल टीम को विदेशी दूतों के लिए लगाया जायेगा । उनका यह भी कहना कि टीके के उत्पादन एवं आपूर्ति में राज्य की क्षमता को प्रदर्शित करने के लिए एक प्रस्तुति भी पेश की जायेगी जिसमें फार्मा सिटी और जिनोम वैली भी शामिल होगा। विज्ञप्ति के अनुसार विदेश मंत्रालय देश में चल रही अहम अनुसंधान एवं विकास गतिविधियों से विदेशी दूतों को अवगत कराने के लिए इन राजदूतों और उच्चायुक्तों की यात्रा करा रहा है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत