1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. पूर्व केंद्रीय मंत्री जसवंत सिंह का निधन, PM मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दुख जताया

पूर्व केंद्रीय मंत्री जसवंत सिंह का निधन, PM मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दुख जताया

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Sep 27, 2020 08:52 am IST,  Updated : Sep 27, 2020 02:22 pm IST

पूर्व केंद्रीय मंत्री जसवंत सिंह का 82 साल की उम्र में निधन हो गया। उनके निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर दुख जताया।

पूर्व केंद्रीय मंत्री जसवंत सिंह का निधन, PM मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दुख जताया- India TV Hindi
पूर्व केंद्रीय मंत्री जसवंत सिंह का निधन, PM मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दुख जताया Image Source : DD NEWS

नई दिल्ली: पूर्व केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के संस्‍थापक सदस्‍यों में से एक जसवंत सिंह का 82 साल की उम्र में निधन हो गया। वह पिछले छह साल से कोमा में थे। उनके निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर दुख जताया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे ट्वीट कर जसवंत सिंह को श्रद्धांजलि दी और दुख जताया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लिखा कि जसवंत सिंह को राजनीति और समाज पर उनके अनोखे नजरिए के लिए याद किया जाएगा। उन्होंने भाजपा को मजबूत बनाने में भी योगदान दिया। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं।" एक अन्य ट्वीट में उन्होंने लिखा, "जसवंत सिंह जी ने देश की सेवा पूरी मेहनत से की, पहले एक सैनिक के रूप में और बाद में राजनीति के साथ अपने लंबे वक्त तक जुड़कर। उनके निधन से दुखी।"

जसवंत सिंह के निधन पर पीएम मोदी के अलावा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी ट्वीट कर दुख प्रकट किया। उन्होंने लिखा, "बीजेपी के दिग्‍गज और पूर्व मंत्री जसवंत सिंह के निधन से बहुत दुखी हूं। उन्‍होंने रक्षा मंत्री समेत कई अहम पदों पर रहकर देश की सेवा की। उन्होंने खुद को एक प्रभावी मंत्री और सांसद के रूप में प्रतिष्ठित किया।"

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक अन्य ट्वीट में लिखा, "जसवंत सिंह जी को उनकी बौद्धिक क्षमता और देशसेवा के शानदार रिकॉर्ड के लिए याद रखा जाएगा। उन्‍होंने राजस्‍थान में भाजपा को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई। इस दुख की घड़ी में उनके परिवार और समर्थकों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं।"

बता दें कि जसवंत सिंह ने दिल्ली में सेना के रिसर्च एंड रेफरल अस्पताल में अंतिम सांस ली। वह पूर्व प्रधानमंत्री दिवंगत अटल बिहारी वाजपेयी के करीबी माने जाते थे। सैन्य अस्पताल ने एक बयान जारी कर कहा, ‘‘बड़े दुख के साथ सूचित किया जा रहा है कि पूर्व केंद्रीय मंत्री जसवंत सिंह का आज सुबह 6.55 बजे निधन हो गया। उन्हें 25 जून को भर्ती कराया गया था। आज सुबह दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हुआ।’’

बयान में कहा गया कि विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने उन्हें बचाने का भरपूर प्रयास किया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक उनका अंतिम संस्कार आज ही राजस्थान के जोधपुर में होगा। पूर्व सैन्य अधिकारी सिंह अगस्त 2014 में अपने घर में गिरने के बाद से बीमार थे। उन्हें सेना के रिसर्च एंड रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसके बाद से उन्हें कई बार अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस साल जून में उन्हें दोबारा अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत