1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. 26 जनवरी को किसान निकालेंगे ट्रैक्टर परेड, दिल्ली पुलिस ने रूट को लेकर कही ये बात

26 जनवरी को किसान निकालेंगे ट्रैक्टर परेड, दिल्ली पुलिस ने रूट को लेकर कही ये बात

 Reported By: Abhay Parashar @abhayparashar
 Published : Jan 23, 2021 07:51 pm IST,  Updated : Jan 23, 2021 09:07 pm IST

26 जनवरी (गणतंत्र दिवस) पर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में किसानों की ट्रैक्टर रैली को लेकर स्थिति साफ हो गई है। दिल्ली पुलिस और किसानों के बीच 26 जनवरी पर परेड निकालने को लेकर सहमति बन गई है।

Farmers protest Delhi police Grant Permission To tractor rally Parade on republic day 2021- India TV Hindi
Farmers protest Delhi police Grant Permission To tractor rally Parade on republic day 2021 Image Source : PTI

नई दिल्ली। 26 जनवरी (गणतंत्र दिवस) पर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में किसानों की ट्रैक्टर रैली को लेकर स्थिति साफ हो गई है। दिल्ली पुलिस और किसानों के बीच 26 जनवरी पर परेड निकालने को लेकर सहमति बन गई है। किसानों को 26 जनवरी को ट्रैक्टर परेड निकालने की अनुमति मिल गई है। जहां किसान ट्रैक्टर परेड के रूट को लेकर दावा कर रहे हैं कि सहमति बन गई है वहीं दिल्ली पुलिस के अधिकारियों का कहना है कि किसान नेताओ से लिखित रूट मांगा है परेड का उसके बाद ही परमिशन और कौन सा रूट इन्हें ट्रेक्टर परेड के लिए देना है तय होगा।

किसान नेताओं से मांगा गया लिखित रूट  

दिल्ली पुलिस के साथ बैठक के बाद किसान नेताओं ने कहा कि 26 जनवरी को शांतिपूर्वक परेड होगी, कोई दिक्कत नहीं होगी। 26 जनवरी को किसान ट्रैक्टर परेड करेंगे, हालांकि, ट्रैक्टर परेड के रूट के बारे में अभी जानकारी नहीं दी गई है। किसान नेताओं ने बताया कि रूट कौन सा होगा इस पर थोड़ी सहमति बनी है। किसान नेताओं और दिल्ली पुलिस के बीच बैठक के बाद किसान नेताओं ने कहा कि 26 जनवरी (गणतंत्र दिवस) पर ट्रैक्टर परेड निकालने को लेकर सहमति बन गई है और परेड निकालेंगे। दिल्ली पुलिस के सीनियर अधिकारियों का कहना है किसान नेताओं से लिखित रूट मांगा है, परेड का उसके बाद ही परमिशन और कौन सा रूट इन्हें ट्रेक्टर परेड के लिए देना है तय होगा।

दिल्ली पुलिस सूत्रों के मुताबिक, किसानों को ट्रैक्टर परेड के लिए लिखित में रूट देना होगा। लॉ एंड आर्डर की स्थिति को देखते हुए लिखित में अंडरटेकिंग देनी होगी। किसानों को सेंट्रल दिल्ली में ट्रैक्टर परेड की इजाजत नहीं है। गणतंत्र दिवस परेड के बाद ही वो अपनी ट्रैक्टर परेड निकाल सकेंगे। दिल्ली पुलिस ट्रैक्टर परेड के दौरान मेडिकल की सुविधा मुहैया करवाने के लिए तैयार है। 

ऐतिहासिक होगी किसान परेड 

किसान प्रतिनिधियों और दिल्ली पुलिस के साथ बैठक के बाद आंदोलन में शामिल स्वराज इंडिया के प्रमुख योगेंद्र यादव ने बताया कि 26 जनवरी को किसान इस देश में पहली बार गणतंत्र दिवस परेड करेगा। पांच दौर की वार्ता के बाद ये सारी बातें कबूल हो गई हैं। सारे बैरिकेड खुलेंगे, हम दिल्ली के अंदर जाएंगे और मार्च करेंगे। रूट के बारे में मोटे तौर पर सहमति बन गई है। 26 जनवरी को हम अपने दिल की भावना व्यक्त करने अपनी राजधानी के अंदर जाएंगे। एक ऐसी ऐतिहासिक किसान परेड होगी जैसी इस देश ने कभी नहीं देखी। यह शांतिपूर्वक होगी और इस देश के गणतंत्र दिवस परेड पर या इस देश की सुरक्षा आन-बान-शान पर कोई छींटा नहीं पड़ेगा।  26 जनवरी को दिल्ली में किसान परेड होगी।

करीब 100 किमी. की होगी परेड

दिल्ली पुलिस के साथ बैठक के बाद किसान नेताओं का ऐलान करते हुए कहा कि जितने भी ट्रैक्टर आएँगे सब शामिल होंगी। दिल्ली में करीब 100 किमी. की होगी परेड। कोई सिंगल रूट नहीं। हर एंट्री प्वाइंट खुलेगा लेकिन दिल्ली में किसान नहीं रुकेंगे। रैली के बाद वापस आ जाएँगे। मंत्रम फार्म हाउस में आयोजित बैठक में किसान नेता डॉ. दर्शनपाल सिंह, योगेंद्र यादव सहित अन्य ने भाग लिया। इधर, दिल्ली पुलिस-यूपी पुलिस और हरियाणा पुलिस के आलाधिकारी बैठक में मौजूद रहे।

देश के किसान लगभग दो महीनों से हाड़ कंपा देने वाली ठंड के बीच नए कृषि कानूनों को रद्द कराने के लिए दिल्ली बॉर्डर पर बैठे हुए हैं। किसानों की 26 जनवरी को निकलने वाली ट्रैक्टर रैली नए कृषि कानूनों के विरोध मे की जा रही है। योगेंद्र यादव कह चुके हैं कि ट्रैक्टर रैली में झांकियों को देखने के लिए आमजन को न्योता दिया गया है। दरअसल, दिल्ली की सीमाओं पर अधिकतर पंजाब, हरियाणा तथा पश्चिमी उत्तर प्रदेश से किसान डटे हुए हैं। किसान संगठनों का आरोप है कि नए कृषि कानूनों से मंडी और एमएसपी खरीद प्रणालियां समाप्त हो जाएंगी तथा किसान बड़े कॉरपोरेट घरानों की दया पर निर्भर हो जाएंगे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत