नयी दिल्ली: केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने आज दिल्ली से हजयात्रियों के पहले जत्थे को रवाना किया। पहले जत्थे में दिल्ली से कुल 3 फ्लाइट में 1230 हज यात्री रवाना हुए हैं। दिल्ली से जाने वालों में जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश के हज यात्री भी शामिल हैं। दिल्ली के अलावा आज गया से 450, गुवाहाटी से 269, लखनऊ से 900 और श्रीनगर से 1020 हज यात्री रवाना हुए हैं।
Related Stories
हजयात्रियों को विदा करने इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचे नकवी ने इस साल हज पर जा रहे लोगों को शुभकमानाएं दीं कहा कि लोगों की सुविधाओं और सुरक्षा का पूरा खयाल रखा जाएगा। उन्होंने कहा, ‘‘इस बार अल्पसंख्यक मंत्रालय ने सऊदी अरब के महावाणिज्य दूत, भारतीय हज कमेटी एवं अन्य सम्बंधित एजेंसियों के साथ मिल कर हज-2018 की तैयारियां समय से बहुत पहले ही पूरी कर ली थी ताकि हज यात्रा को सरल-सुगम बनाया जा सके।’’
हजयात्रियों के पहले जत्थे की रवानगी के मौके पर दिल्ली के राजस्व एवं परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत, भारतीय हज कमेटी के अध्यक्ष चौधरी महबूब अली कैसर, दिल्ली हज कमेटी के अध्यक्ष मोहम्मद इशराक खान और अल्पसंख्यक मंत्रालय के कई अधिकारी मौजूद थे। गौरतलब है कि इस बार भारत से करीब 1,75,000 लोग हज पर जा रहे हैं। इनमें से करीब 1,28,000 लोग भारतीय हज कमेटी के जरिए हज पर जाएंगे।