1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस नेता जयपाल रेड्डी का निधन

पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस नेता जयपाल रेड्डी का निधन

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jul 28, 2019 07:02 am IST,  Updated : Jul 28, 2019 08:43 am IST

वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री एस जयपाल रेड्डी (77) का निधन हो गया है। कुछ दिनों से वह निमोनिया और तेज बुखार से पीड़ित थे।

jAIPAL- India TV Hindi
पूर्व केंद्रीय मंत्री औऱ कांग्रेस नेता जयपाल रेड्डी का निधन Image Source : ANI

हैदराबाद। वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री एस जयपाल रेड्डी (77) का निधन हो गया है। कुछ दिनों से वह निमोनिया और तेज बुखार से पीड़ित थे, उन्हें इलाज के लिए गचीबोवली के एशियन गैस एन्ट्रोलॉजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था, जहां रात को रात 1 बजकर 28 मिनट पर उनका निधन हो गया।

रेड्डी चार बार विधायक, पांच बार लोकसभा सांसद और दो बार राज्यसभा सदस्य चुने गए थे। कांग्रेस ने एक ट्वीट किया कि रेड्डी के निधन की खबर बेहद दु:खद है। पार्टी ने कहा, ‘‘हम कामना करते हैं कि दुख की इस घड़ी में उनके परिवार और दोस्तों को हौसला मिले।’

कांग्रेस पार्टी के नेताओं ने उनके निधन पर शोक जताया। पार्टी नेताओं का कहना है कि तेलुगु नेता के रूप में केंद्रीय राजनीति का पहिया बदल चुके जयपाल रेड्डी का निधन एक बहुत बड़ा नुकसान है। 

कांग्रेस की तेलंगाना इकाई के प्रमुख उत्तम कुमार रेड्डी ने कहा, ‘‘जयपाल रेड्डी के आकस्मिक निधन से बहुत दुखी हूं।’’ उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ नेता को बेहतरीन वक्ता, अच्छा इंसान और बड़ा बुद्धिजीवी बताया। उन्होंने कहा, ‘‘यह मेरे और पूरी कांग्रेस पार्टी के लिए निजी रूप से भारी क्षति है। वह हमें याद आएंगे।’’

मुख्यमंत्री के.चंद्रशेखर राव के बेटे टीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष टी राम राव ने भी रेड्डी के निधन पर शोक जताया। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री जयपाल रेड्डी के परिवार और दोस्तों के प्रति मेरी संवेदनाएं। ईश्वर आपकी आत्मा को शांति दे।’’

रेड्डी आई के गुजराल सरकार में सूचना एवं प्रसारण मंत्री रहे थे। संप्रग-1 सरकार के दौरान उन्होंने शहरी विकास और संस्कृति जैसे मंत्रालयों को संभाला। संप्रग-2 सरकार में वह फिर शहरी विकास मंत्री बने। बाद में वह पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री बने लेकिन फिर उन्हें विज्ञान एवं प्रौद्योगिक और पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय सौंप दिए गए। सूत्रों ने बताया कि रेड्डी का अंतिम संस्कार सोमवार को हैदराबाद में होगा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत