1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. कोरोना वायरस: अस्पताल से भागे चार संदिग्धों से हुआ संपर्क, तीन वापस लौटे

कोरोना वायरस: अस्पताल से भागे चार संदिग्धों से हुआ संपर्क, तीन वापस लौटे

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Mar 14, 2020 02:08 pm IST,  Updated : Mar 14, 2020 02:08 pm IST

नागपुर के मेयो अस्पताल से भागे कोरोना वायरस के चारों संदिग्धों से सम्पर्क हो गया है। इनमें से तीन वापस अस्पताल पहुंच गए हैं।

Representative Image- India TV Hindi
Representative Image Image Source : PTI

नागपुर: नागपुर के मेयो अस्पताल से भागे कोरोना वायरस के चारों संदिग्धों से सम्पर्क हो गया है। इनमें से तीन वापस अस्पताल पहुंच गए हैं जबकि चौथा जल्द ही अस्पताल पहुंच जाएगा। इस घटना के बाद अब तय किया गया है कि अस्पताल और कोरोनटाइन सेंटर पर पुलिस तैनात की जाएगी। भागे गए चारों संदिग्धों में से दो का टेस्ट नेगेटिव आया था। यह सभी नागपुर में सामने आए पहले पॉजिटिव मरीज के संपर्क में आए थे, जिसके बाद इन्हें नागपुर के मेयो अस्पताल में भर्ती किया गया था।

बता दें कि महाराष्ट्र में दो और लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जाने के बाद राज्य में इसकी चपेट में आने वाले लोगों की संख्या 19 पहुंच गई है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दो नए मामले मुंबई और अहमदनगर से सामने आए हैं। टोपे ने यहां राज्य विधानसभा के बाहर पत्रकारों से कहा, ‘‘शुक्रवार को मुंबई और अहमदनगर से एक-एक मामले सामने आने के बाद महाराष्ट्र में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 19 हो गई है।’’

राज्य में कोरोना वायरस के मामलों में से दस पुणे से, चार मुंबई, तीन नागपुर तथा एक-एक ठाणे और अहमदनगर से है। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया, ‘‘शुक्रवार शाम तक कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या 17 थी। दो और लोगों की जांच रिपोर्ट देर रात को आई। उनके संक्रमित पाए जाने के बाद राज्य में अब संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 19 हो गई है।’’ 

उन्होंने बताया, ‘‘अहमदनगर शहर में रहने वाला व्यक्ति हाल ही में दुबई से लौटा था और उसमें कोरोना वायरस संक्रमण के जैसे ही लक्षण थे।’’ उन्होंने बताया, ‘‘उसके खून के नमूने को जांच के लिए भेजा गया, जिसमें देर रात को संक्रमण की पुष्टि हुई।’’ 

कोरोना वायरस के खतरे के मद्देनजर राज्य सरकार ने शुक्रवार को मुंबई, ठाणे, नवी मुंबई, नागपुर, पुणे और पिंपरी-चिंचवड में 30 मार्च तक सिनेमा थिएटरों, जिमखानों, स्विमिंग पूल और पार्कों को बंद करने का आदेश दिया। सरकार के फैसले के अनुसार, पुणे और पड़ोसी औद्योगिक शहर पिंपरी तथा चिंचवड में स्कूल तथा कॉलेज अगले आदेश तक बंद रहेंगे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत