1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. कोरोना वायरस: श्मशान घाट पर मनाही के बाद CNG शवदाह गृह में हुआ महिला का अंतिम संस्कार

कोरोना वायरस: श्मशान घाट पर मनाही के बाद CNG शवदाह गृह में हुआ महिला का अंतिम संस्कार

 Reported By: Atul Bhatia @atul_bhatia1
 Published : Mar 14, 2020 01:21 pm IST,  Updated : Mar 14, 2020 01:47 pm IST

दिल्ली में कोरोना वायरस की वजह से जिस महिला की मृत्यु हुई है, उसका अंतिम संस्कार निगमबोध घाट के सीएनजी शवदाह गृह में किया गया।

श्मशान घाट पर मनाही के बाद CNG शवदाह गृह में हुआ महिला का अंतिम संस्कार- India TV Hindi
श्मशान घाट पर मनाही के बाद CNG शवदाह गृह में हुआ महिला का अंतिम संस्कार

नई दिल्ली: दिल्ली में कोरोना वायरस की वजह से जिस महिला की मृत्यु हुई है, उसका अंतिम संस्कार निगमबोध घाट के सीएनजी शवदाह गृह में किया गया। एहतियात के तौर पर सामान्य शवदाह गृह में अंतिम संस्कार नहीं किया गया। इससे पहले निगमबोध घाट और लोधी रोड श्मशान घाट ने महिला का अंतिम संस्कार वहां कराने से इनकार कर दिया था। बता दें कि 68 वर्षीय महिला की मृत्यु शुक्रवार को आरएमएल अस्पताल में हुई थी।

मृतक महिला के रिश्तेदार संजीव ने बताया कि उन्हें महिला के अंतिम संस्कार के लिए किस तरह की परेशानियां हुईं। उन्होंने बताया कि अंतिम संस्कार के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ हर्षवर्धन को फोन किया गया और मीडिया को फोन किया गया, जिससे दवाब बनाया गया। इसके बाद निगमबोध घाट के सीएनजी शवदाह गृह में अंतिम संस्कार किया गया।अंतिम संस्कार के बाद पूरे निगमबोध घाट को सैनिटाइजर किया गया है।

जानकारी के मुताबिक महिला वेस्ट दिल्ली की रहनेवाली थी। उसका बेटा भी कोरोना वायरस से ग्रसित है और जांच में COVID-19 की पुष्टि हुई है। महिला का बेटा स्वीटजरलैंड और इटली की यात्रा से लौटा था। वह 5 फरवरी से लेकर 22 फरवरी तक इन दोनों देशों की यात्रा पर था। 23 फरवरी को वह विदेश यात्रा से लौटा था। 7 मार्च को खांसी और बुखार के बाद मां और बेटे दोनों की जांच कराई गई। जांच में दोनों को COVID-19 की पुष्टि हुई थी। 

बता दें कि देश में कोरोना वायरस के मामलों की संख्या शनिवार को बढ़कर 83 पहुंच गई। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह जानकारी दी। इनमें दिल्ली और कर्नाटक में हुई एक-एक मौत के मामले भी शामिल हैं। दिल्ली में अब तक कोरोना वायरस के संक्रमण के सात मामले और उत्तर प्रदेश में 11 मामले सामने आये है। कर्नाटक में कोरोना वायरस के छह मरीज जबकि महाराष्ट्र में 19 और लद्दाख में तीन मरीज हैं।

इसके अलावा राजस्थान, तेलंगाना, तमिलनाडु, जम्मू कश्मीर, आंध प्रदेश और पंजाब से एक-एक मामला सामने आया है। केरल में कोरोना वायरस के 19 मामले दर्ज किये गये है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत