1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. ओडिशा: सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में मारे गए चार माओवादी, कई घायल हुए

ओडिशा: सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में मारे गए चार माओवादी, कई घायल हुए

 Written By: Bhasha
 Published : Jul 05, 2020 02:46 pm IST,  Updated : Jul 05, 2020 02:46 pm IST

ओडिशा में कंधमाल जिले के एक घने जंगल में रविवार को सुरक्षाबलों के साथ हुई मुठभेड़ में कम से कम चार माओवादी मारे गए।

ओडिशा: सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में मारे गए चार माओवादी, कई घायल हुए- India TV Hindi
ओडिशा: सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में मारे गए चार माओवादी, कई घायल हुए Image Source : PTI

भुवनेश्वर: ओडिशा में कंधमाल जिले के एक घने जंगल में रविवार को सुरक्षाबलों के साथ हुई मुठभेड़ में कम से कम चार माओवादी मारे गए। पुलिस महानिदेशक अभय ने बताया कि मुठभेड़ में कुछ माओवादी घायल भी हुए हैं। उन्होंने बताया कि खुफिया सूचना के आधार पर विशेष अभियान समूह (एसओजी) के अधिकारियों और जिला स्वयंसेवी बल (डीवीएफ) के अधिकारियों के बल ने तड़के कंधमाल जिले के तुमुदिबंध इलाके में एक जंगल में छापेमारी की थी। 

सुरक्षाबल जैसे ही माओवादियों के ठिकाने के पास पहुंचे, माओवादियों ने गोलियां चलाना शुरू कर दिया जिसके चलते मुठभेड़ शुरू हो गई। इस दौरान चार माओवादी मारे गए। महानिदेशक ने बताया कि इलाके से हथियारों और गोला-बारूद का बड़ा जखीरा बरामद हुआ है। उन्होंने बताया कि चारों के प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) के बंसाधारा-नागावेली-घुमुसार संभाग के सदस्य होने का संदेह है। पुलिस महानिदेशक ने यह भी बताया कि इलाके में गहन तलाश अभियान चल रहा है। 

अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे कंधमाल के पुलिस अधीक्षक प्रतीक सिंह ने बताया गया कि मारे गए माओवादियों में एक महिला माओवादी भी शामिल है। मुख्य सचिव ए के त्रिपाठी ने सुरक्षाबलों को बधाई दी और कहा कि इस अभियान ने उग्रवादियों से लड़ने के ओडिशा के संकल्प को और मजबूत किया है। 

उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘कंधमाल में सफल अभियान पर ओडिशा पुलिस के अधिकारियों और जवानों को बधाई। उनके साहस की सराहना करते हैं। चार माओवादियों के मारे जाने की पुष्टि हुई है। इससे, उग्रवाद से राज्य को मुक्त करने तथा राज्य के संपूर्ण विकास को गति देने के हमारे संकल्प को मजबूती मिली है।’’ 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत